धारा-144 का उल्लंघन करने के आरोप में प्रियंका गांधी समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज

कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा के शुक्रवार को जीपीओ पर गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन व्रत रखने के मामले में पुलिस ने हजरतगंज कोतवाली में प्रदेश अध्यक्ष समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

एसीपी हजरतगंज राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि राजधानी में धारा-144 लागू है। इसके बावजूद कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं संग जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन व्रत रखा था।
धरने के दौरान गांधी प्रतिमा के परिसर का एक पिलर टूट गया था। इसे लेकर हजरतगंत कोतवाली में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत सैकड़ों अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा-144 व कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन और सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बता दें कि डेढ़ साल बाद लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर करीब दो घंटे का मौन धरना दिया था। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा था कि यूपी में सरकार ही संविधान को नष्ट कर रही है। लोकतंत्र का खुलेआम चीरहरण हो रहा है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर से निपटने में प्रदेश सरकार को पूरी तरह से विफल बताया। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी कोरोना से निपटने और विकास के मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की झूठी प्रशंसा कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हिंसा फैलाने का आरोप भी लगाया।

यह भी पढ़ें-प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर यूपी में लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगाया