बाबा बर्फानी के आज से लाइव दर्शन शुरू

जम्मू। पहली बार बाबा बर्फानी की विशेष पूजा का लाइव प्रसारण रविवार सुबह 7.30 बजे से शुरू हो गया। प्रसारण 3 अगस्त तक यानी रक्षाबंधन तक जारी रहेगा। इसके लिए दूरदर्शन की 15 लोगों की टीम गुफा परिसर में रहेगी। रविवार को विशेष पूजा में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू, बीएस राजू, जीओसी चिनार कॉप्र्स समेत कई अफसर शामिल हुए।
पिछले साल 2 अगस्त को मार्ग में विस्फोटक मिलने के बाद यात्रा रोक दी गई थी। 3.42 लाख लोगों ने दर्शन किए थे। अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में यात्रा के स्वरूप पर एक से दो दिन में फैसला हो सकता है। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि इस बार यात्रा पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं। अगर यात्रा की अनुमति मिलती है तो यह बालटाल के रास्ते ही होगी।
पहलगाम के पारंपरिक रास्ते से नहीं होगी। बालटाल वाले रास्ते में 16 किमी की चढ़ाई है। इसी रास्ते से यात्री एक से दो दिन में दर्शन करके लौट सकते हैं। हर दिन अमरनाथ गुफा तक सिर्फ 500 श्रद्धालुओं को ही जाने की इजाजत मिलेगी। बालटाल मार्ग में चार हैलीपैड और बेस कैंप तैयार हो गए हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बार हेलिकॉप्टर के जरिए भी यात्रा कराई जा सकती है।

जुलाई के अंत में 15 दिन के लिए यात्रा संभव

अमरनाथ गुफा 3880 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां हर साल दो मार्गों अनंतनाग के पहलगाम और गांदेरबल के बालटाल से यात्रा शुरू होती है, जो कि 42 दिन तक चलती है। इस बार यात्रा 23 जून से शुरू होनी थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के मद्देनजर इसमें देरी हुई। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि अमरनाथ श्राइन बोर्ड जुलाई के अंत में 15 दिन के लिए यात्रा कराने की योजना बना रहा है।

जम्मू-कश्मीर आने वालों का कोरोना टेस्ट होगा

चीफ सेक्रेटरी बीवीआर सुब्रमण्यम यात्रा के स्वरूप पर काम कर रहे हैं। उन्होंने वैकल्पिक सड़क मार्ग नीलग्रथ से बालटाल में चल रहे कार्यों का जायजा लिया है। फुट ब्रिज, बेली ब्रिज, मील के पत्थर के निर्माण, बाल्टल बेस कैंप से डोमेल तक 1.25 किमी सड़क पर चल रहे काम की समीक्षा की। उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा पर सख्त नियम लागू रहेंगे। कोरोना बढऩे से राज्य में आने वाले हर व्यक्ति का टेस्ट कराना जरूरी है। जब तक टेस्ट निगेटिव ना आए जाए, लोगों को क्वारैंटाइन सेंटर में रहना होगा।