भाजपा का हल्ला बोल कार्यक्रम 5 को

डॉ. सतीश पूनियां, satish punia
डॉ. सतीश पूनियां, satish punia

जयपुर। उत्तरप्रदेश के हाथरस में दलित बालिका के साथ हुए दुष्कर्म को लेकर लगातार भाजपा के खिलाफ मुखर हो रही राज्य की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी 05 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राजधानी जयपुर समेत जिला मुख्यालयों पर हल्ला बोल कार्यक्रम करेगी। इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रतिनिधियों को जयपुर में राज्यपाल को ज्ञापन देकर अराजक गहलोत सरकार के खिलाफ हस्तक्षेप करने की मांग की जाएगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी कर गहलोत सरकार के खिलाफ प्रस्तावित हल्लाबोल कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये हास्यास्पद है कि बीस महीने पुरानी अशोक गहलोत की सरकार अपने जन घोषणा पत्र की समीक्षा कर रही है।

उनका जनघोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है, किसानों को, नौजवानों को, मजदूरों को, महिलाओं को, हर वर्ग को जिस तरह से ठगा, वो जनता के सामने है। वो देश की राजनीति करते हैं, अच्छा होता कि वे राजस्थान में बढ़ रहे अपराधों की समीक्षा कर लेते। देश में आज राजस्थान अपराधों की राजधानी बन गया है।

गुजरे 20 महीनों में राजस्थान दलित अपराधों व उत्पीडऩ के मामलों में प्रमुख केन्द्र बन गया है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़े इसकी गवाही देते है।

उन्होंने बताया कि राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करने के साथ प्रदेश भाजपा 05 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर हल्लाबोल कार्यक्रम करेंगी। इसके माध्यम से प्रदेश भाजपा जिलों में कार्यक्रम कर राजस्थान सरकार को चेताने का काम करेगी।