महाराष्ट्र में बजट से पहले 36 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए

महाराष्ट्र में सोमवार को पेश होने वाले बजट से पहले बजट सत्र में शामिल 36 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें ज्यादातर विधानसभा के कर्मचारी हैं।

मुंबई के जेजे अस्पताल के मुताबिक, बजट सत्र को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा में 6 और 7 मार्च को 2,746 सैंपल्स लिए गए थे, जिनमें 36 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। 1 मार्च को महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत हुई थी। दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने खुद इस बात की जानकारी दी है।

एक हफ्ते पहले यानी सत्र शुरू होने से एक दिन पहले भी सभी का कोरोना टेस्ट किया गया था। उस दौरान 3,900 से अधिक सैम्पल की टेस्टिंग हुई थी और 42 में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। संक्रमित होने वालों में 23 पुलिसकर्मी और 2 पत्रकार भी शामिल थे।

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को 18,650 नए मरीज मिले। यह लगातार तीसरा दिन था, जब यह आंकड़ा 18 हजार के पार रहा। 14,303 मरीज ठीक हुए और 97 ने जान गंवाई। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 4,246 की बढ़ोतरी हुई। अब कुल 1 लाख 85 हजार 886 मरीजों का इलाज चल रहा है।

चिंता की बात है कि संक्रमण के मामले बढऩे के बावजूद सरकार टेस्टिंग नहीं बड़ा रही है। 8 से 10 फरवरी के बीच जब रोजाना 8-10 हजार केस आ रहे थे तब हर दिन 6-7 लाख टेस्टिंग की जा रही थी। अब जब नए संक्रमितों का आंकड़ा दोगुना होकर 18 हजार के पार हो गया है, तब भी रोजाना 7.50 लाख तक टेस्टिंग की जा रही है।