मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल पेपरलेस बजट पेश करेंगे, विधायकों को टैब दिए जाएंगे

राजस्थान का बजट 24 फरवरी को आ रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह 11 बजे विधानसभा में पेपरलेस बजट पेश करेंगे। इसे पढऩे के लिए विधायकों को टैब दिए जाएंगे। बजट में इस बार सोशल और मेडिकल सेक्टर पर ज्यादा जोर रहेगा। मेडिकल में बजट में इजाफा होना तय माना जा रहा है। युवाओं के लिए अलग-अलग विभागों में 15 हजार के आसपास नई भर्तियों का ऐलान हो सकता है।

इसके अलावा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का स्टेट से जुड़ा मानदेय बढ़ाया जा सकता है। इधर, राजस्व बढ़ाने के लिए लग्जरी टैक्स और तंबाकू पर टैक्स बढ़ाया जा सकता है। गहलोत ने पिछले साल 2 लाख 25 हजार करोड़ का बजट पेश किया था। इस बार कोरोना के बावजूद 2 लाख 40 हजार करोड़ यानी करीब 15 हजार करोड़ ज्यादा का बजट हो सकता है।

गहलोत सरकार इस बार बजट में प्रशासन को शहरी और ग्रामीण जनता से जुड़ा बताने के लिए अभियान चलाने का ऐलान कर सकती है। इसमें सरकार से संबंधित अटके काम, दस्तावेज बनाने, जमीनों के रिकॉर्ड सही कराने, संपत्ति संबंधी बंटवारे के विवाद निपटाने और पट्टे बांटने के काम कराने का सरलीकरण किया जाएगा। इसके लिए तेलंगाना मॉडल अपनाया जाएगा।