12 वर्षीय अभिमन्यु मिश्रा दुनिया के सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर बने

नई दिल्ली । भारतीय मूल के 12 वर्षीय अभिमन्यु मिश्रा दुनिया के सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। न्यू जर्सी में रहने वाले अभिमन्यु (12 साल, 4 माह, 25 दिन) ने बुडापेस्ट में आयोजित ग्रैंडमास्टर टूर्नामेंट में भारतीय ग्रैंडमास्टर लियॉन मेनडोंका को हराकर यह उपलब्धि हासिल की है।

अभिमन्यु से पहले यह रिकॉर्ड रूस के सर्गेई कर्जाकिन (12 साल, सात माह) के नाम था जिन्होंने यह कारनामा 12 अगस्त 2002 में किया था।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बुधवार को अभिमन्यु मिश्रा ने अपने छोटे लेकिन बेहतरीन करियर का अब तक का सबसे बड़ा गेम जीता। उन्होंने 15 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर लियॉन मेनडोंका को काले मोहरों से नौ राउंड तक चले मुकाबले में हराकर 2600 से अधिक रेटिंग अंक हासिल किये।”