सर्दी का प्रकोप : प्रदेश के 8 जिलों में 3 दिन का शीतलहर अलर्ट जारी

आधा दिसंबर बीतने के बाद मैदानी इलाकों में सर्दी तेज हो गई। राजस्थान के 8 जिलों में 3 दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश में रातें और ठंडी होंगी। बिहार के कई इलाकों में घना कोहरा जारी रहेगा। गुजरात में 17 से 19 दिसंबर के बीच ठंड और बढ़ सकती है।

राजस्थान : 8 जिलों में शीतलहर की चेतावनी

माउंट आबू में बुधवार को तापमान 1.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार रात अचानक चली सर्द हवाओं से महज 3 घंटे के अंदर पारा 5 डिग्री लुढ़क गया। जयपुर समेत 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 8 जिलों के लिए शीतलहर की यलो वॉर्निंग जारी की है। उत्तरी हवाओं के असर से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और भरतपुर में 18 दिसंबर तक शीतलहर चलेगी। इससे अगले 3-4 दिनों में ठंड और बढ़ेगी।

झारखंड : 5 साल में पहली बार इतनी ठंड, पारा 13.4 डिग्री

कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी के असर से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। झारखंड में दिसंबर में ठंड का रिकॉर्ड टूटा और पारा 2 डिग्री गिरकर 13.4 रह गया। बीते 5 साल में पहली बार और 15 साल में सिर्फ 2 बार दिसंबर के पहले 15 दिनों में इतनी ठंड पड़ी है। रांची में तापमान 15 दिसंबर के बाद ही 15 डिग्री से नीचे जाता है।

हिमाचल प्रदेश: शिमला में तापमान 3 डिग्री

हिमाचल के लाहौल स्पीति जिले में पिछले दिनों जमकर बर्फबारी हुई। अब शिमला में तापमान लगातार गिर रहा है। मंगलवार को मिनिमम टेंपरेचर 3 डिग्री और मैक्सिमम 14 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में बर्फ गिरने से तापमान और कम होगा।