देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 36,028 नए मरीज मिले, 447 मरीजों की मौत हुई

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के केस में मामूली कमी आई है। रविवार को 36,028 नए मरीज मिले, 39,828 ठीक हुए और 447 संक्रमितों ने जान गंवाई। यह लगातार तीसरा दिन था जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक हुए। इससे पहले 6 अगस्त को 38,705 मरीज मिले और 40,026 ठीक हुए। 7 अगस्त को 39,068 केस आए और 43,935 रिकवर हुए।

यह भी राहत की बात है कि नए मरीजों का आंकड़ा बीते 14 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 26 जुलाई को 30,820 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। केरल में भी केस कुछ कम हुए हैं। यहां रविवार को 18,607 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव 20,108 ठीक हुए और 93 की मौत हुई। इससे एक दिन पहले यहां 20,367 केस आए थे।

देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

यह भी पढ़ें-असम-मिजोरम सीमा विवाद : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने पीएम मोदी से की मुलाकात