विदेश: रूस-यूक्रेन युद्ध का 40वां दिन: मायकोलीव पर बरसीं मिसाइलें

मैरियूपोल में डेढ़ लाख फंसे

कीव। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के 40 दिन हो गए हैं। इसके बावजूद दोनों देश पीछे हटते नजर नहीं आ रहे हैं। तमाम अंतरराष्ट्रीय कोशिश के बीच दोनों देशों में वार्ता से उम्मीदें बंधी हुई हैं। इस बीच यूक्रेनी शहर मायकोलीव पर रूसी मिसाइलों की बरसात ने वहां जीवन तहस-नहस कर दिया है। एक अन्य यूक्रेनी शहर मैरियूपोल में डेढ़ लाख लोग फंसे हैं जिन्हें अपना भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। रूस अब कुछ शहरों पर ध्यान केंद्रित कर तेज आक्रमण की रणनीति बना रहा है। डोनाबास में रूसी सेनाएं पूरी तरह हमलावर हो गयी हैं। रूस वहां लगातार हमले कर क्षेत्र को जबर्दस्त नुकसान पहुंचा रहा है। यूक्रेन की सेना भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। यूक्रेन की ओर से डोनाबास में रूसी सेनाओं के हमले का जोरदार जवाब दिया जा रहा है। डोनाबास के अलावा रूसी सेना ने यूक्रेन के मायकोलीव शहर पर एक बार फिर हमला करना तेज कर दिया है।

श्रीलंका में सर्वदलीय सरकार की पहल, राष्ट्रपति ने चार नए मंत्री बनाए:

कोलंबो (एजेंसी)। श्रीलंका में आपातकाल और आर्थिक संकट के बीच सर्वदलीय सरकार की पहल हुई है। राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने अपने भाई बेसिल राजपक्षे को वित्त मंत्री पद से हटाकर वित्त मंत्री सहित चार नए मंत्री बनाए हैं। साथ ही उन्होंने सर्वदलीय सरकार की पहल करते हुए विपक्षी दलों से सरकार में शामिल होने का आह्वान किया है। देश में आर्थिक संकट के बीच सेंट्रल बैंक के गवर्नर ने इस्तीफा दे दिया है। श्रीलंका में आपात काल के बाद राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे पर अपने परिवार को सत्ता में अधिक हिस्सेदारी देने के आरोप लग रहे थे। अब राष्ट्रपति और उनके बड़े भाई प्रधान मंत्री महिंदा राजपक्षे को छोड़कर कैबिनेट के सभी 26 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। वित्त मंत्री बेसिल राजपक्षे को भी उनके पद से हटा दिया गया है।

लंदन में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर दोबारा हमला

लंदन/इस्लामाबाद (एजेंसी)। पाकिस्तान में इमरान खान के प्रधानमंत्री पद पर बने रहने को लेकर चल रहा घमासान इस्लामाबाद से लंदन तक पहुंच गया है। लंदन में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर 24 घंटे के भीतर दूसरी बार इमरान खान समर्थकों ने हमला किया जिसमें जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं। इस्लामाबाद में नेशनल असेंबली में इमरान के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव को खारिज करने के मसले पर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई होनी है। पाकिस्तान के विपक्ष दलों ने सुप्रीम कोर्ट से पूर्ण पीठ में सुनवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ इन दिनों लंदन में रह रहे हैं। उनके लंदन कार्यालय पर दो दर्जन के आसपास नकाबपोश पहुंचे और हमला कर दिया। उस समय वहां नवाज शरीफ समर्थक भी मौजूद थे।

कैलिफोर्निया में गोलीबारी के चलते छह की मौत, नौ घायल

कैलिफोर्निया (एजेंसी)। कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में एक गोलीबारी की घटना में छह लोगों की मौत हो गई है जबकि कम से कम नौ घायल हो गए। स्थानीय पुलिस के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में यह घटना रविवार को तड़के हुई। सैक्रामेंटो पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि गोलीबारी में अधिकारियों ने कम से कम 15 पीडि़तों का पता लगाया है, जिनमें छह लोग मारे गए हैं। ट्वीटर पर जारी एक वीडियो में लोगों को सड़क पर भागते हुए दिखाया गया है। भागते हुए लोगों के बीच गोलियों की आवाज सुनी जा सकती है। वीडियो में मौके पर मौजूद कई एंबुलेंस भी नजर आ रही हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने बताया कि मौके पर जवानों की बड़ी मौजूदगी रहेगी। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस और अमेरिका के बीच रिश्ते बिगड़े हैं। ये घटनाएं ऐसे समय सामने आई है जब रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। यही नहीं दुनिया के तमाम देश इस टकराव की आंच से प्रभावित हो रहे हैं। रूस और अमेरिका के बीच मतभेद खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। बातचीत और सुलह समझौते की कोशिश नाकाम रही है।