भारत में पिछले 24 घंटे में 43,159 कोरोना के नए मरीज मिले, 640 मरीजों की मौत

देश में कोरोना के मामले एक बार फिर बढऩे लगे हैं। यहां पिछले 24 घंटों में 43,159 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 38,525 लोग ठीक हुए और 640 मरीजों की मौत भी हुई। सबसे ज्यादा चिंता केरल बढ़ा रहा है। यहां बुधवार को 22,056 लोग संक्रमित पाए गए, जो कि देश भर के नए संक्रमितों से आधे से अधिक है।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते केंद्र सरकार ने केरल एक टीम भेजने का फैसला किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि सरकार राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के निदेशक की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय टीम केरल भेज रही है। यह टीम कोरोना रोकथाम में राज्य सरकार के प्रयासों में मदद करेगी। वहीं, केरल सरकार ने राज्य में 31 जुलाई और 1 अगस्त को कंप्लीट लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है।

देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

यह भी पढ़ें-संसद के बाहर बोले राहुल, कहा-जासूसी के लिए पेगासस का इस्तेमाल भारत के साथ देशद्रोह है, ससंद में इस पर बात क्यों नहीं हो रही?