गहलोत से बीजेपी के 6 सवाल, क्या आधिकारिक रूप से फोन टैपिंग की गई?

जयपुर। राजस्थान में विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर जारी फोन टैपिंग पर भाजपा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कहा कि क्या आधिकारिक रूप से फोन टैपिंग हुई, क्या सरकार ने खुद को बचाने के लिए गैर संवैधानिक तरीकों का इस्तेमाल किया? इसकी जांच सीबीआई से कराई जाना चाहिए। ऑडियो टेप गुरुवार रात सामने आए थे। कांग्रेस का आरोप है कि इसमें सरकार गिराने को लेकर बातचीत की गई।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, 2018 में जब राजस्थान सरकार बन रही थी तब से गहलोत और पायलट गुट में सड़कों पर लड़ाई चल रही है। गहलोत के सीएम बनने के बाद कांग्रेस में शीत युद्ध की स्थिति बनी रही।

गहलोत जी ने खुद मीडिया के सामने कहा है कि 18 महीने से सीएम और डिप्टी सीएम के बीच बात नहीं हो रही थी। उसके बाद आपने देखा कि हाईकमान तक बात पहुंची। हाईकमान से हाईकोर्ट तक पहुंची। गहलोत जी कहते हैं कि कोई हैंडसम हो, अच्छी बाइट दे तो उससे अच्छा नेता नहीं बनता। ये सारा षडयंत्र कांग्रेस में ही रचा जा रहा था।

भाजपा के गहलोत सरकार से 6 सवाल

  • क्या आधिकारिक रूप से फोन टैपिंग की गई?
  • फोन टैपिंग की गई है तो क्या यह संवेदनशील इश्यू नहीं हैं?
  • अगर फोन टैपिंग हुई तो क्या इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग सिस्टम (एसओपी) का पालन किया गया?
  • क्या गहलोत सरकार ने खुद को बचाने के लिए यह ऑडियो टेप का प्रौपेगेंडा ख?ा नहीं किया?
  • क्या राजस्थान में किसी भी व्यक्ति का फोन टेप किया जा रहा है?
  • क्या अप्रयत्क्ष रूप से राजस्थान में इमरजेंसी नहीं लगी है?

भाजपा नेता संजय जैन गिरफ्तार

उधर, विधायकों की खरीद-फरोख्त और सरकार गिराने की साजिश के आरोप में संजय जैन उर्फ संजय बरडि़य़ा को राज्य पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन गु्रप (एसओजी) ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि संजय को आईपीसी की धारा 124ए और 120बी के तहत गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले में संजय के अलावा, गजेंद्र सिंह और कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा पर राजद्रोह का केस दर्ज किया गया है। इससे पहले पुलिस ने 10 जुलाई को उदयपुर के अशोक और ब्यावर के भरत को पकड़ा था।

सीएम के ओएसडी ने 3 ऑडियो जारी किए

विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े 3 ऑडियो वायरल किए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को प्रदेश की सियासत में 4 बड़े घटनाक्रम हुए। ऑडियो को सीएम के ओएसडी ने जारी किया।

पहला- महेश जोशी की शिकायत पर एसओजी और एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने ऑडियो में शामिल गजेंद्र सिंह, कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा और दलाल संजय पर राजद्रोह का केस दर्ज किया।

दूसरा- ऑडियो सामने आने के बाद कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह और भंवर लाल शर्मा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिए गए।

तीसरा- भाजपा भी देर रात जयपुर के अशोक नगर थाने पहुंची। शिकायत में कहा- ऑडियो फर्जी हैं।
चौथा- एसओसी की टीम कांग्रेस के बागी विधायकों से पूछताछ के लिए मानेसर पहुंची। हरियाणा पुलिस ने घुसने नहीं दिया। एंट्री मिली तो विधायक गायब थे। बताया जा रहा है कि उन्हें दूसरे होटल में शिफ्ट कर दिया गया है।