रक्षामंत्री राजनाथ बोले-एयरो इंडिया शो अब सही मायनों में ग्लोबल और डिजिटल हो गया है

एयरो इंडिया शो 2021 बेंगलुरु में बुधवार को शुरू हुआ। यह शुक्रवार पांच फरवरी तक चलेगा। उद्घाटन के मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- एयरो इंडिया शो अब सही मायनों में ग्लोबल और डिजिटल हो गया है। हम इसे वर्चुअली पूरी दुनिया में दिखा रहे हैं। इससे इस शो को विस्तार मिलेगा। इसलिए अब यह कहना गलत नहीं होगा कि एयरो इंडिया 2021 ग्लोबल और डिजिटल हो गया है।

एयरो इंडिया शो की शुरुआत 1996 में हुई थी। तब से हर दूसरे साल इस एयर शो का आयोजन हो रहा है। आज से इसका 13वां एडिशन शुरू हो रहा है।

सिक्योरिटी एप्रेटस को मजबूत बनाने पर फोकस

राजनाथ ने कहा- हम डिफेंस सेक्टर में सिक्योरिटी एप्रेटस को मजबूत बनाने पर फोकस कर रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बड़े और जटिल उपकरणों को भी देश में ही तैयार किया जा रहा है। भारत सरकार अगले 7 से 8 साल में मिलिट्री मॉर्डनाइजेशन पर 130 अरब डॉलर खर्च कर करेगी।

राजनाथ ने आगे कहा- भारत सरकार ने रक्षा क्षेत्र में 74 प्रतिशत एफडीआई को मंजूरी दी है। इसके अलावा सरकारी स्तर पर यह सौ फीसदी है। इसके जरिए फॉरेन इन्वेस्टर्स हमारे देश में आएंगे।

मालदीव, गुयाना, ईरान और मेडागास्कर के रक्षा मंत्रियों का यहां आने के लिए शुक्रिया। कुछ रक्षा मंत्री वर्चुअली इससे जुड़े हैं। मुझे बताया गया है कि 80 विदेशी कंपनियों के 540 प्रतिनिधि इसमें हिस्सा ले रहे हैं। कुल 55 देश इस एयरो शो का हिस्सा हैं।

एयरो इंडिया शो 5 फरवरी तक चलेगा

बुधवार से शुरू हुआ एयरो इंडिया शो 5 फरवरी तक चलेगा। 4 और 5 फरवरी को दो सेशन होंगे। पहला सुबह 9 बजे से और दूसरा दोपहर 1.30 बजे से। प्रदर्शनी के दौरान कुल पांच एयर शो भी होंगे। पहले दिन इनॉगरेशन सेरेमनी के बाद। वहीं, दूसरे और तीसरे दिन एक एयर शो सुबह 9 बजे के बाद जबकि दूसरा दोपहर 1.30 बजे के बाद होगा।