यूक्रेन के राष्ट्रपति के बाद अब वित्त और रक्षामंत्री भी हुए कोरोना पॉजिटिव

पेरिस। दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 5 करोड़ के पार हो गया। अब तक 5 करोड़ 12 लाख 32 हजार 905 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 3 करोड़ 60 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।

अब तक 12 लाख 68 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। यूक्रेन में राष्ट्रपति के बाद अब फाइनेंस और डिफेंस मिनिस्टर भी पॉजिटिव हो गए हैं। दूसरी तरफ, फ्रांस में नाटकीय तरीके से मामले कम हुए हैं।

पहले यूक्रेन की बात

यूक्रेन में राष्ट्रपति के बाद अब फाइनेंस और डिफेंस मिनिस्टर भी पॉजिटिव पाए गए हैं। राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेन्स्की के ऑफिस से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति के कुछ एडवाइजर्स भी संक्रमित हैं, लेकिन इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

इतने बड़े पैमाने पर संक्रमण के बाद सरकार में हड़कम्प है। हालांकि, सरकार ने लोगों से कहा है कि राष्ट्रपति और बाकी मंत्री घर से काम करते रहेंगे क्योंकि सभी की हालत ठीक है। इस बीच सरकार ने देश में लॉकडाउन न हटाने की बात भी कही है।

फ्रांस में बड़ी राहत

फ्रांस में 8 दिन से हर दिन औसतन 50 हजार केस मिल रहे थे। लेकिन, सोमवार को इनकी संख्या नाटकीय रूप से सिर्फ 20 हजार के करीब हो गई। देश में लॉकडाउन पर सवाल उठ रहे थे और इसका सड़कों पर विरोध भी हो रहा था।

अब सरकार ने कहा है कि इससे बहुत फायदा हुआ है। देश के प्रमुख शहरों में अक्टूबर से ही लॉकडाउन है। देश में 10 दिन से लॉकडाउन है। सोमवार को कुल 20 हजार 155 संक्रमित मिले। वैसे एक तथ्य यह भी है कि संक्रमितों की संख्या भले ही कम हुई हो, लेकिन हॉस्पिटल्स में भर्ती होने वालों की संख्या कम नहीं हुई।

यह भी पढ़ें-चार देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने अब तक बाइडेन को जीत की बधाई नहीं दी