करनाल जिला प्रशासन और किसानों के बीच दो मांगों पर समझौता, किसानों का धरना खत्म

हरियाणा के करनाल जिला प्रशासन और किसानों के बीच दो मांगों पर समझौता हो गया है। एक बसताड़ा में हुए लाठीचार्ज की जांच और दूसरी मृतक के परिजन को डीसी रेट पर नौकरी। एसडीएम आयुष सिन्हा को छुट्टी पर भेज दिया गया है।

साथ ही धरना खत्म हो गया। संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस के बाद गुरनाम सिंह चढूनी ने किसानों के बीच आकर चल रहे धरने को समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने किसानों से अब दिल्ली के टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर कूच करने को कहा। साथ ही मानी गई मांगों के आधार की विस्तार से जानकारी भी दी।

बता दें कि समझौता शुक्रवार देर रात ही हो गया था, जिसकी जानकारी शनिवार सुबह दोनों पक्षों ने एक प्रेस कांफ्रेंस करके दी। शुक्रवार रात को समझौता होते ही शनिवार सुबह होने वाली मीटिंग कैंसिल हो गई थी। इसके बाद किसानों ने धरना भी समेट दिया।

करनाल प्रशासन के अधिकारी बसताड़ा टोल पर किसानों पर हुए लाठीचार्ज की जांच कराने को मान गए हैं। जांच रिटायर्ड जज करेंगे, जो एक महीने में पूरी की जाएगी। किसानों की इस मांग को मानने के साथ ही प्रशासन ने आईएएस आयुष सिन्हा को छुट्टी पर भेज दिया है।

यह भी पढ़ें-दिल्ली में बारिश से दरिया बनी सड़कें, एयरपोर्ट परिसर में भी भरा बारिश का पानी