टोक्यो ओलिंपिक से पहले किरन रिजिजू की जगह अनुराग ठाकुर को खेल मंत्री बनाया गया

टोक्यो ओलिंपिक से ठीक 16 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ा बदलाव किया है। मोदी सरकार ने किरन रिजिजू की जगह अनुराग ठाकुर को खेल मंत्री बनाया। 46 साल के अनुराग भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। खेल मंत्रालय के साथ उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्री की भी जिम्मेदारी मिली है।

वहीं, रिजिजू का प्रमोशन करते हुए उन्हें कानून एवं न्याय मंत्रालय दिया गया है। वे रविशंकर प्रसाद की जगह लेंगे। इस नई जिम्मेदारी के लिए रिजिजू और ठाकुर दोनों ने ही प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया।

टोक्यो ओलिंपिक इस साल 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच होने हैं। भारत की ओर से 18 खेलों में 124 खिलाडिय़ों ने क्वालिफाई किया है। सभी खिलाडिय़ों को अपने इवेंट से 5 दिन पहले टोक्यो पहुंचना होगा।

यह भी पढ़ें- जापान सरकार ने कोरोना की वजह से ओलिंपिक टॉर्च रिले को रद्द करने का फैसला किया