ऐश्वर्या और बेटी आराध्या की हालत में सुधार, मिली वीआईपी विंग

मुंबई। शुक्रवार देर रात मुंबई के नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती ऐश्वर्या राय और उनकी बेटी आराध्या को आइसोलेशन वार्ड की उसी वीआईपी विंग में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां उनके ससुर अमिताभ बच्चन और पति अभिषेक बच्चन का इलाज चल रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अस्पताल लाते वक्त ऐश्वर्या को तेज और आराध्या को हल्का बुखार था। हालांकि, अब दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

इलाज के बाद बुखार कम हुआ

सूत्र ने बताया कि अस्पताल में ट्रीटमेंट देने के बाद ऐश्वर्या का बुखार कम हुआ है और उनके गले का इन्फेक्शन भी पहले से बेहतर है। उनकी हालत स्थिर है। दूसरी ओर आराध्या का बुखार लगभग चला गया है। दोनों को आइसोलेशन वार्ड में डॉ. बर्वे और डॉ. अंसारी की निगरानी में रखा गया है। ये दोनों डॉक्टर ही लंबे समय से बच्चन परिवार के मेडिकल कंसल्टेंट हैं।

शुक्रवार को बिगड़ी थी ऐश्वर्या-आराध्या की तबीयत

ऐश्वर्या और आराध्या बीते रविवार (12 जुलाई) कोविड पॉजिटिव पाई गई थीं। हालांकि, उनमें हल्के लक्षण थे और उन्होंने किसी भी तरह की परेशानी से इनकार किया था। उन्हें उस समय न तो बुखार आया और न ही सांस लेने में तकलीफ थी। इसलिए कोविड-19 के क्वारैंटाइन नियमों के अनुसार उन्हें घर पर ही रखने का फैसला किया गया था।

शुक्रवार को अचानक दोनों की तबीयत बिगडऩे लगी तो परिवार चिंता में पड़ गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का फैसला किया गया। शाम करीब 6 बजे पहले आराध्या को अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद 8:30 बजे ऐश्वर्या को। ऐश्वर्या को सांस लेने में भी तकलीफ बताई जा रही थी, ऐसे में उनका सीटी स्कैन किया गया था।

लक्षणों के हिसाब से बच्चन परिवार

एंटीजन टेस्ट में बीते शनिवार को पॉजिटिव पाए गए अमिताभ में कोराना के हल्के लक्षण थे। उन्हें बुखार भी था और उनका ऑक्सीजन लेवल भी गिरा हुआ था।
अभिषेक बच्चन पूरी तरह से एसिम्प्टोमैटिक पाए गए और उनके लक्षण जाहिर नहीं हुए। इसके बावजूद एहतियातन वे अस्पताल में भर्ती हो गए।
बीते रविवार को ऐश्वर्या और आराध्या के लक्षण भी एसिम्प्टोमैटिक थे और उन्हें कोई परेशानी नहीं थी। पूरे परिवार में सिर्फ जया ही दो बार टेस्ट में निगेटिव पाई गईं।
जया के अलावा अमिताभ की बेटी श्वेता, उनकी नातिन नव्या नंदा और नाती अगस्त्य नंदा की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। साथ ही उनके 26 स्टाफ मेंबर्स की स्वाब टेस्ट रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी।