कैरेबियाई देश हैती में लगातार दूसरे दिन भूकंप आया, तीव्रता 5.8, अब तक 727 लोगों की मौत, सैकड़ों लापता

कैरेबियाई देश हैती में लगातार दूसरे दिन भी भूकंप आया। इस दौरान भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई। दोनों घटनाओं में कुल मिलाकर 727 लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग लापता बताए गए हैं।

दूसरे भूकंप की पुष्टि यूरोपियन मेडिटेरियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर ने भी की है। सेंटर के मुताबिक, भूकंप का केंक्र लेस केस शहर से उत्तर-पश्चिम में 41 किलोमीटर की दूरी पर स्थित था। इसकी गहराई करीब 30 किलोमीटर आंकी गई है। शनिवार को आए भूकंप की तीव्रता 7.2 थी और इस घटना में 300 से ज्यादा लोग मारे गए थे। 1800 से ज्यादा लोग घायल थे। अमेरिका ने हैती को मदद का भरोसा दिलाया है।

हैती बहुत छोटा सा देश हैं। इसकी कुल जनसंख्या एक करोड़ 10 लाख है। 2010 में यहां भूकंप ने सबकुछ तबाह कर दिया था। तब तीन लाख लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 2016 में यहां मैथ्यू ने तबाही मचाई थी। उसमें दो हजार लोग मारे गए थे। देश में इस वक्त सियासी संकट भी चल रहा है। सात जुलाई को यहां के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से हालात काफी अस्थिर हैं।

भूकंप के बाद देश में खाने-पीने सहित दूसरी बुनियादी चीजों की सप्लाई की कमी हो गई है। कई अस्पतालों को भी नुकसान हुआ है। इससे घायलों के इलाज में दिक्कत हो रही है। खुले में बिस्तर लगाकर उनका इलाज किया जा रहा है। कई इमारतें गिर गई हैं। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।

यह भी पढ़ें-लेबनान में फ्यूल टैंकर में ब्लास्ट, 20 लोगों की मौत, 80 घायल