
पशुपालन विभाग एवं बैंक ऑफ़ बड़ौदा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जयपुर। पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. भवानी सिंह राठौड ने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। महिलाओं ने अपनी भागीदारी से पशुपालन के क्षेत्र को न केवल विश्व पटल पर पहचान दिलवाई है बल्कि व्यवसाय के रूप में महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाने में भी अहम योगदान दिया है। डॉ. राठौड पशुधन भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य की जीडीपी में पशुपालन का अहम योगदान है और इस उपलब्धि में महिला पशुपालकों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां महिला पशुपालक धरातल पर कार्य कर रही है, वही निदेशालय एवं अन्य स्थानों पर पशुपालन विभाग में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ नीति निर्धारण में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने विभाग की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर पशुपालन विभाग के वित्तीय सलाहकार मनोज शांडिल्य ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलायें पुरूषो के साथ बराबर की भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी महिलाओं की जरूरतों एवं महत्व को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। इससे राज्य की महिलाएं सशक्त एवं निर्भीक होकर अपने कार्यों का संपादन कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकार की योजनाओं की जानकारी के बारे जागरूक बनाने के लिए प्रयास होने चाहिए। इस मौके पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा के चीफ मैनेजर श्री बी एस मीणा सहित पशुपालन विभाग की विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे ।