अर्डर्न ने कहा-ऑस्ट्रेलिया की ओर से एक के बाद एक खड़ी की जा रही परेशानियोंं को झेलते-झेलते न्यूजीलैंड थक चुका है

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से संबंध रखने की आरोपी महिला के मामले में उपजे विवाद के मद्देनजर ऑस्ट्रेलिया पर निशाना साधा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की सरकार पर जिम्मेदारियों से भागने का आरोप लगाया है। अर्डर्न ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की ओर से एक के बाद एक खड़ी की जा रही परेशानियों को झेलते-झेलते न्यूजीलैंड थक चुका है।

26 साल की महिला ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दोनों की नागरिकता तब तक कायम रखी थी, जब तक कि कैनबरा ने पिछले साल इसे रद्द नहीं कर दिया था। अपने दो बच्चों के साथ सीरिया से तुर्की में प्रवेश करने के दौरान उसे पकड़ लिया गया था। इसके बाद से वह न्यूजीलैंड में निर्वासन का सामना कर रही है। हालांकि अर्डर्न ने कहा कि महिला को ऑस्ट्रेलिया भेजा जाना चाहिए।

अर्डर्न ने कहा कि महिला को तुर्की के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने आईएस के सदस्य के रूप में पहचाना है, वह बचपन से ही न्यूजीलैंड में नहीं रहती थी। जब वह 6 साल की थी, तब उसके परिवार ने न्यूजीलैंड छोड़ दिया था। इसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया चले गए थे और वहां की नागरिकता हासिल कर ली थी। इसके बाद वे ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट पर ही सीरिया गए।