नहीं रहे ‘रामायण’ में ‘रावण’ का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी, 82 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

रामानंद सागर द्वारा निर्मित ऐतिहासिक धार्मिक धारावाहिक सीरियल ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले ऐक्टर अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया है। उन्होंने मंगलवार रात मुंबई में आखिरी सांस ली। वह 82 साल के थे। उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने इसकी पुष्टि की। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन आज उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। बता दें कि अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाहें कई बार उड़ीं।

साल 2019 में मई के महीने में अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाह आग की तरह फैल गई थी। तब उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने ट्विटर पर उसका खंडन किया था और फेक न्यूज न फैलाने की अपील की थी। रामायण में राम का किरदार निभाना चुके एक्टर अरुण गोविल और लक्ष्मण का रोल प्ले कर चुके सुनील लहरी से लेकर महाभारत के एक्टर गजेंद्र चौहान तक एक्टर्स ने अरविंद त्रिवेदी को सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की।

मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले अरविंद त्रिवेदी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘पराया धन’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कुछ हिंदी फिल्मों के अलावा कई गुजराती फिल्मों में काम किया और अपनी पहचान कायम की। अरविंद त्रिवेदी ने करीब 300 फिल्मों में काम किया। उन्होंने ‘रामायण’ के अलावा टीवी शो ‘विक्रम और बेताल’ में भी अहम रोल प्ले किया था। गुजराती सिनेमा में अहम योगदान के लिए उन्हें कई अवॉर्ड मिले और गुजरात सरकार ने भी सम्मानित किया।