पूर्व बॉक्सर नगंगोम डिंको सिंह का निधन, जीत चुके हैं गोल्ड मेडलिस्ट

नई दिल्ली। गोल्ड मेडलिस्ट पूर्व बॉक्सर नगंगोम डिंको सिंह का 42 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। साल 1998 में उन्होंने एशियाई खेलों में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। डिंको सिंह बीते कुछ वर्षों से बीमार थे और उनके लीवर का इलाज चल रहा था। इस दौरान वह कोरोना संक्रमित भी हुए। लेकिन कोविड को मात देने के बाद भी डिंको सिंह जिंदगी से जंग हार गए।

उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री किरण रिजिजू सहित कई खिलाडिय़ों ने गहरा दुख प्रकट किया।  पीएम मोदी ने डिंको सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट कर लिखा, डिंको सिंह सुपरस्टार थे। उनके जरिए बॉक्सिंग को  लोकप्रियता और नई उचाइयां मिलीं। उनके निधन से मैं बेहद दुखी हूं। मैं शोक संतृप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। 

डिंको सिंह ने साल 1998 में बैंकॉक एशियाई खेलों में अपना परचम लहराते हुए बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीता था। बॉक्सिंग में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए 1998 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं 2013 में डिंको सिंह को पद्मश्री से सम्मामित किया गया। बीते साल डिंको सिंह की तबियत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद मणिपुर से उन्हें एयरलिफ्ट के जरिए इलाज के लिए दिल्ली लाया गया। उनके लीवर कैंसर का इलाज दिल्ली के आईएलबीएस में चल रहा था।