न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम, भारतीय मूल के तनवीर सांघा को मिली ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह

भारतीय टीम से अपने घर में करारी शिकस्त के बाद अब ऑस्ट्रेलियाई टीम न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। टीम को वहां 5 टी-20 की सीरीज खेलना है। इसके लिए 18 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम घोषित कर दी गई, जिसमें भारतीय मूल के स्पिनर तनवीर सांघा को भी मौका मिला है।

19 साल के तनवीर ऑस्ट्रेलिया टीम में सिलेक्ट होने वाले भारतीय मूल के चौथे खिलाड़ी हैं। इससे पहले 2015 में भारतीय मूल के तेज गेंदबाज गुरिंदर संधु भी ऑस्ट्रेलिया टीम में खेल चुके हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ मेलबर्न में वनडे खेला था। साथ ही जेसन सांघा, अर्जुन नायर, परम उप्पल ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम में खेल चुके हैं।

भारतीय मूल के स्टुअर्ट क्लार्क और ब्रांसबी कूपर भी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं। क्लार्क के पिता बू्रस क्लार्क चेन्नई के रहने वाले थे। उनकी मां मैरी कर्नाटक के कोलार जिले की रहने वाली थी। वहीं, ब्रांसबी कूपर 1877 में ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच खेला था। उनका जन्म बांग्लादेश के ढाका में 1844 (तब ब्रिटिश इंडिया) को हुआ था।

तनवीर के पिता जोगा सिंह सांघा 1997 में छात्र वीजा पर भारत से ऑस्ट्रेलिया आए थे। वे जालंधर के रहने वाले थे। जोगा सिंह ने ऑस्ट्रेलिया में खेती की और फिर टैक्सी चलाने लगे। तनवीर की मां उपनीत एकाउंटेंट हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम में सिलेक्शन के बाद उन्होंने कहा था कि बोर्ड की तरफ से उनके पास फोन आया था। सिलेक्शन की खबर सुनकर उन्हें ऐसा लगा, जैसे में चांद पर पहुंच गए हों।

यह भी पढ़ें-भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज में स्पिनर्स की रहेगी अहम भूमिका