भाजपा-कांग्रेस पर बेनीवाल ने साधा निशाना, कहा-खुद से लड़ रही है दोनों पार्टियां

आरएलपी संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल गुरुवार को मेवाड़ के दौरे पर हैं। उन्होंने पहले ही दिन कांग्रेस और भाजपा को घेरा। उन्होंने पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के खिलाफ कुछ विवादित बयान भी दिए। पहले दिन भीलवाड़ा पहुंचे बेनीवाल ने सीएम गहलोत और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बीच गठजोड़ की बात फिर से दोहराई।

बेनीवाल ने कहा कि किसी को भी आम आदमी की चिंता नहीं है। उन्होंने भाजपा पर सीधे-सीधे निशाना साधा और कहा- भाजपा के नेताओं ने जो माल खाया था, उसे अब 5 साल में आराम से पचाने में लगे हैं। वे किसी भी मुद्दे पर बयान दे देते हैं।

उसके बाद एकजुट हो जाते हैं। जब गहलोत सरकार गिर रही थी तो वसुंधरा राजे ने 20 विधायकों का समर्थन देकर सरकार को बचा लिया। इससे पहले गहलोत ने वसुंधरा का बंगला खाली नहीं होने दिया। इस तरह दोनों एक दूसरे की मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में जिस तरह के हालात हैं, जिस तरह की बयानबाजी हो रही है, ऐसा लगता है जैसे कांग्रेस, कांग्रेस से ही लड़ रही है। इधर, भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदार अभी 13 तो हो चुके हैं और जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, इनकी संख्या 24 तक पहुंच जाएगी। भाजपा के दो गुट तो अभी से हो गए। वसुंधरा राजे अलग यात्रा निकाल रहीं हैं।

यह भी पढ़ें-आईएएस इंद्रसिंह राव की जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज