पूर्व डीजीपी भूपेंद्र सिंह यादव राजस्थान लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष बने

9000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरा कराना बड़ी चुनौती होगी

जयपुर। पूर्व डीजीपी भूपेंद्र सिंह यादव राजस्थान लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष बन गए हैं। राज्यपाल ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल की आयोग में यह पहली नियुक्ति है। अब इसके अलावा चार और सदस्यों की नियुक्ति गहलोत सरकार के कार्यकाल में ही होंगी।

इधर, मौजूदा अध्यक्ष दीपक उप्रेती भी दोपहर बाद विदा हो जाएंगे। उप्रेती का कार्यकाल बुधवार को खत्म हो रहा है। इसे देखते हुए ही सरकार ने 1 दिन पूर्व ही भूपेंद्र सिंह यादव का डीजीपी के पद से वीआरएस प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया था। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, आज सुबह राज्यपाल ने सीएमओ द्वारा भेजी गई फाइल को मंजूर कर लौटा दी है।

आयोग का चेयरमैन बनने वाले छठे पुलिस अधिकारी

जानकारी के अनुसार भूपेंद्र यादव अजमेर के लिए रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि दोपहर बाद वे आयोग अध्यक्ष का कार्य ग्रहण करेंगे। पूर्व डीजीपी भूपेंद्र यादव ऐसे छठे पुलिस अधिकारी हैं जो आयोग के चेयरमैन बने हैं। इससे पूर्व हबीब खान गौरान, कन्हैयालाल बेरवाल, डॉ ज्ञान प्रकाश पिलानिया, सुभाष चंद्र टंडन और भवानी मल इस पद पर रह चुके हैं।

आरएएस 2018 सहित करीब 9000 पदों पर भर्ती कराना बड़ी चुनौती

आयोग के नए अध्यक्ष भूपेंद्र यादव के समक्ष आरएएस 2018 सहित करीब 9000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को पूरा कराना बड़ी चुनौती है। आरएएस के इंटरव्यू होना बाकी हैं । इसके अलावा कुछ परीक्षाएं भी होना बाकी हैं और प्राध्यापक भर्ती की काउंसलिंग अभी जारी है।