अजमेर जिले की बड़ी उपलब्धि, अब तक लगी 20.18 लाख डोज

  • मंगलवार को 157 केन्द्रों पर 50 हजार से ज्यादा वैक्सीनेशन
  • चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा का गृह जिला है अजमेर

अजमेर। पिछले सवा साल से ज्यादा समय से कोरोना महामारी की रोकथाम में जुटे अजमेर जिले ने मंगलवार को बड़ी उपलब्धि हासिल की। अजमेर जिले में आज 50 हजार से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। इसके साथ ही जिले में कुल वैक्सीन डोज का आंकडा भी बढ़कर 20.18 लाख से ज्यादा हो गया।

जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने मंगलवार को जिले में विभिन्न स्थानों का दौरा कर वैक्सीनेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बांदनवाड़ा, किराप और अन्य स्थानों पर वैक्सीनेशन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। टीकाकरण दलों को टीके का उपयोग सुनिश्चित करने के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि जिले में सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई गई वैक्सीन को तत्काल प्रभाव से पात्र व्यक्तियों को लगाई जा रही है। सरकार द्वारा निर्धारित टीकाकरण प्रोटोकॉल के अनुसार दलों द्वारा टीकाकरण किया जा रहा है। इसके लिए जिले में 157 टीकाकरण केन्द्र स्थापित किए गए है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. सोनी ने बताया कि चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा लगातार जिले में वैक्सीनेशन और चिकित्सा व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे है। उनके नेतृत्व में टीकाकरण कार्य योजनाबद्ध रूप से किया जा रहा है। मंगलवार को 50 हजार 808 से अधिक टीके की खुराक लगाई गई। जिले में अब तक 20 लाख 18 हजार 317 लाख से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण होना एक बड़ी उपलब्धि हैं। अब तक 14 लाख 89 हजार 531 को टीके की प्रथम खुराक दी चुकी है। इसी प्रकार द्वितीय खुराक 5 लाख 28 हजार 786 व्यक्तियों को लगाई गई है।

उन्होंने बताया कि जिले में 16 लाख 32 हजार 921 से अधिक व्यक्तियों को कोविशील्ड तथा 3 लाख 85 हजार 396 व्यक्तियों को कोवैक्सीन लगाई गई है। टीकाकरण में 10 लाख 23 हजार 816 पुरूष तथा 9 लाख 94 हजार 123 महिलाओं को प्रतिरक्षित किया गया है। इनमें से 60 वर्ष से अधिक आयु के 4 लाख 37 हजार 373, 45 वर्ष से 59 वर्ष के 5 लाख 60 हजार 173 तथा 18 वर्ष से 44 वर्ष के 10 लाख 20 हजार 771 से अधिक व्यक्ति शामिल हैं।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. स्वाति शिन्दे ने बताया कि सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के समस्त व्यक्तियों का टीकाकरण आरंभ करने के पश्चात आमजन में टीकाकरण के लिए विशेष उत्साह का वातावरण बना। इससे अब तक 20 लाख 18 हजार 317 टीके लगाया जाना संभव हो पाया। टीकाकरण में लगे कार्मिक अभियान के दौरान प्रातः से ही देर शाम तक टीकाकरण के लिए मुस्तैद रहे।

यह भी पढ़ें-जोधपुर कोविड वैक्सीनेशन में बना सरताज, एक दिन में 1 लाख से अधिक लोगो का किया वैक्सीनशन