भाजपा ने 2 साल में 7 राज्यों में सत्ता गंवाई

  • 42 प्रतिशत आबादी वाले 16 राज्यों में एनडीए सरकार

नई दिल्ली
झारखंड में भी भाजपा के हाथ से सत्ता निकल गई। यह सातवां राज्य है, जहां भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने पिछले दो साल में सत्ता गंवा दी है। दिसंबर 2017 में एनडीए बेहतर स्थिति में था। भाजपा और उसके सहयोगी दल शीर्ष पर थे। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ जैसे मध्य क्षेत्र के राज्यों में उसकी सरकार थी। बिहार में नीतीश कुमार राजद का महागठबंधन छोड़कर एनडीए में आ चुके थे और उत्तर प्रदेश में भाजपा ने रिकॉर्ड सीटों के साथ सरकार बनाई थी। 72 प्रतिशत आबादी और 75 प्रतिशत भूभाग वाले 19 राज्यों में एनडीए की सरकार थी। झारखंड में सत्ता गंवाने के बाद अब एनडीए के पास 16 राज्यों में ही सरकार बची है। इन राज्यों में 42 प्रतिशत आबादी रहती है।

कांग्रेस की सात राज्यों में सत्ता में भागीदारी
कांग्रेस खुद के बूते या गठबंधन के जरिए महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, पुड्डुचेरी में सत्ता में है। झारखंड में सरकार बनने पर उसकी 7 राज्यों में सरकार होगी। दिल्ली में आम आदमी पार्टी, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस, केरल में माकपा के नेतृत्व वाला गठबंधन, आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस, ओडिशा में बीजद और तेलंगाना में टीआरएस सत्ता में है।एक और राज्य तमिलनाडु है, जहां भाजपा ने अन्नाद्रमुक के साथ लोकसभा चुनाव तो लड़ा था, लेकिन राज्य में उसका एक भी विधायक नहीं है। इसलिए वह सत्ता में भागीदार नहीं है।