बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत, फंदे से लटका मिला शव

भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध हालात में दिल्ली में मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, उनके स्टॉफ ने फोन कर इसकी सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, वे फंदे से लटके हुए थे और दरवाजा अंदर से बंद था।

माना जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या की है। उधर, उनकी मौत की खबर के बाद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे। उनके निधन के कारण आज (बुधवार) होने वाली भाजपा संसदीय दल की बैठक रद्द कर दी गई है।

शर्मा हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद थे और प्रदेश के दिग्गज नेता थे। रामस्वरूप शर्मा 2019 के आम चुनाव में हिमाचल प्रदेश के मंडी से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। इससे पहले 2014 में भी वे मंडी से ही लोकसभा चुनाव जीते थे।

रामस्वरुप शर्मा का जन्म 10 जून 1958 को हुआ था। वे हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की जोगिंदर नगर संसदीय लोकसभा सीट से सांसद थे। वे मंडी जिला बीजेपी और बाद में हिमाचल प्रदेश राज्य भाजपा के आयोजन सचिव रहे थे।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य और नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया था। वे आरएसएस के सक्रिय सदस्य थे। उन्होंने 2014 में मंडी लोकसभा सीट जीती, जिसमें उन्होंने कांग्रेस की प्रतिभा सिंह के खिलाफ 39,796 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें-भारतीय वायुसेना का मिग-21 बाइसन विमान दुर्घटनाग्रस्त, हादसे में कैप्टन ए गुप्ता शहीद