भाजपा प्रदेश मंत्री मीणा ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली, चुनाव जीतने की रणनीति बनाई

प्रतापगढ़। राजस्थान भाजपा प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीणा के नेतृत्व में भाजपा प्रत्याशी खेतसिंह मीणा के समर्थन में धामनिया, टटाकिया, चंदाजी का गुड़ा, भरेव, कालीभीत, ढीकिया, बलीचा, शोभजी का गुड़ा, कुण में जनसभा कर धरियावद विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जीताने की अपील की।

मीणा ने कहा कि विधानसभा का मतदाता कांग्रेस सरकार की असलियत पहचान चुका है और इस उपचुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया करने का मन बना चुका है। प्रत्याशी खेतसिंह मीणा ने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के 2020 के नवीनतम आंकडे एनसीआरबी के अनुसार अनुसूचित जनजाति के खिलाफ अपराधों में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। आदिवासी क्षेत्रों में लचर कानून व्यवस्था के कारण अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और क्षेत्र की जनता बुरी तरह त्रस्त है।

वहीं दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान वर्ष 2019 के बाद अब 2021 में फिर से देश में पहले पायदान पर है। एंबुलेंस, स्कूल, घर, सड़क शायद ही कोई जगह हो जहां महिलाओं व बच्चियों से साथ दुष्कर्म नहीं हुआ हो। इस दौरान लसाडिय़ा मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह झाला, धरियावद पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह राणावत, सरपंच वीरम मीणा, मंडल महामंत्री महावीर लालावत, सरपंच देवली मीणा, सरपंच सोहनलाल मीणा, सरपंच पूनम चंद मीणा, उप प्रधान धनराज मीणा आदि उपस्थित रहे।

राजसमंद विधायक ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में बैठक ली

धरियावद. राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने धरियावद उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी खेतसिंह मीणा के समर्थन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मतदाता भारी मतों से खेतसिंह को विजयी बनाएंगे, क्योंकि इस क्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार जीतकर निश्चित तौर पर जयपुर जाएगा तभी दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा को सच्ची श्रद्धांजलि मिल पाएगी।

उनके द्वारा आम जनता से किए गए वादे तथा अधूरे कार्य को हम सब मिलकर हर हाल में पूरा करेंगे। पार्टी का हर एक पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में है। ये लोग अपनी पूरी टीम के साथ कार्य कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी खेतसिंह मीणा हर हाल में जीते, यही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के गिने चुने मिनिस्टर है तथा कई पात्र विधायक मिनिस्टर की दौड़ में लगे हुए हैं, लेकिन उनको सम्मान नहीं मिल रहा है।

इसी कारण पिछले ढ़ाई वर्ष में विकास कार्यों की स्वीकृति इस क्षेत्र में नहीं आई। उप चुनाव में जनता को मूर्ख बनाने के लिए पिछले 3 महीने में थोथी और झूठी घोषणाएं कर जनता को प्रलोभन दिया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल विजयवर्गीय, महिला मंडल अध्यक्ष रेखा चौधरी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह झाला सहित आदि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें-किसान और मजदूर एक साल से सड़कों पर, काले कानून थोपने पर अड़ी है केंद्र की भाजपा सरकार : खाचरियावास