भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनियां ने बाबा साहेब की जयंती पर पुष्प अर्पित किए

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर एवं जयपुर स्थित अम्बेडकर सर्किल पर पहुंचकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

डॉ. पूनियां ने कहा कि भारत रत्न, संविधान शिल्पी और भारत की समरसता के संदेशवाहक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की आज जयंती है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत और उस लोकतंत्र का उत्कृष्ट संविधान जो बाबा साहेब की लेखनी और वाणी से निकला। आज भारत की शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उस उत्कृष्ट संविधान का बड़ा योगदान है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर एक साधारण गरीब परिवार में पैदा हुए, लेकिन विश्व के सबसे बड़े विश्वविद्यालय में शोध किया, उस तबके में स्वाभिमान जागृत किया, उनके हक की लड़ाई लड़ी और आज उनका संदेश प्रासंगिक है, ‘‘संगठित रहो, शिक्षित बनो, संघर्ष करो’’, ये आज भी उन तमाम लोगों के लिए जो अपने हक की और अधिकारों की लड़ाई लड़ते हैं, जो रोशनी का इंतजार करते हैं। मैं प्रदेश भाजपा परिवार की ओर से समस्त प्रदेशवासियों को बाबा साहेब की जयंती पर शुभकामनाएं देता हूँ और ये संकल्प लेते हैं कि हम सब लोग मिलकर एक नये राजस्थान, समरस राजस्थान, समृद्ध राजस्थान, स्वस्थ राजस्थान के निर्माण के लिए काम करेंगे।

इस दौरान भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका गुर्जर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अरूण चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र गोठवाल, जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र मीणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानदेव आहूजा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुकेश गर्ग सहित भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।