प्रदेश के किसानों से माफी मांगें गहलोत: डाॅ. सतीश पूनियां

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार

संपूर्ण कर्जमाफी का वादा कर मुकरे गहलोत: डाॅ. पूनियां

प्रधानमंत्री मोदी ने डेढ़ साल में किसानों के खातों में डाले 1.14 लाख करोड रुपए: डाॅ. पूनियां

जयपुरl भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने कहा कि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने चुनावी वादे से मुकर गए हैं, चुनाव के समय किसानों से संपूर्ण कर्जमाफी का वादा कर केवल सहकारी बैंकों का कुछ हजार करोड़ का ऋण माफ कर अपनी पीठ खुद ही थपथपा रहे हैंl

डाॅ. पूनियां ने कहा कि चुनाव के समय राहुल गांधी और अशोक गहलोत ने प्रदेश की अनेकों चुनावी सभाओं में राजस्थान के किसानों से वादा किया था कि सरकार में आए तो 10 दिन में संपूर्ण किसानों का सारा कर्जा माफ करेंगे, लेकिन जैसे ही सरकार में आए अपने वादे से पलट गए, अब साख बचाने के लिए तरह तरह का झूठ फैला रहे हैंl

डाॅ. पूनियां ने कहा अशोक गहलोत को प्रदेश के किसानों से अपने झूठ की माफी मांगने चाहिए और उनसे किया संपूर्ण कर्जमाफी का वादा तुरंत प्रभाव से पूरा करना चाहिएl अपने 10 वर्ष के शासन में यूपीए सरकार ने किसानों का एक बार मात्र 52 हजार करोड का कर्ज माफ किया था, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने केवल पिछले डेढ़ वर्षो में किसानों के खातों में सीधे 1.14 लाख करोड रुपए डाले हैं, इनके विकास और प्रगति के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, वृद्ध किसानों के लिए पेंशन योजना शुरू की है, इन योजनाओं का लाभ प्रदेश के लाखों किसानों को हो रहा है, प्रदेश के मुख्यमंत्री की हैसियत से अशोक गहलोत को प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करना चाहिए, बजाय इसके वह अपने राष्ट्रीय नेताओं को खुश करने के लिए केंद्र सरकार की हर योजना की आलोचना करते रहते हैंl

डाॅ. पूनियां ने कहा कि अशोक गहलोत को यह बताना चाहिए कि पूरे देश में सबसे महंगी बिजली, सबसे महंगा पेट्रोल डीजल राजस्थान में क्यों है और क्यों उनके राज में किसान आत्महत्या कर रहे हैं, प्रदेश की जनता और किसान इस बात का गहलोत से जवाब चाहते हैंl