जमनालाल बजाज की 137वीं जयंती पर परिवार ने दी खास श्रद्धांजलि
बजाज समूह के संस्थापक जमनालाल बजाज की 137वीं जयंती पर परिवार ने उनके जीवन और राष्ट्रनिर्माण में योगदान को याद करते हुए एक विशेष श्रद्धांजलि फिल्म जारी की है। इसमें परिवार की तीन पीढ़ियों ने उनके विचारों, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका, स्वदेशी आंदोलन, सामाजिक सुधार और औद्योगिक विकास की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
- जमनालाल बजाज की 137वीं जयंती पर विशेष श्रद्धांजलि फिल्म जारी।
- महात्मा गांधी के करीबी सहयोगी और स्वतंत्रता संग्राम में निभाई थी अहम भूमिका।
- बजाज परिवार ने उद्योग, सामाजिक सुधार और राष्ट्रनिर्माण की विरासत को किया याद।
Bajaj Family Releases Tribute Film on Jamnalal Bajaj’s 137th Birth Anniversary : देश के स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सुधार और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जमनालाल बजाज की 137वीं जयंती पर बजाज परिवार ने उन्हें अनूठे अंदाज में याद किया। इस अवसर पर परिवार की ओर से एक विशेष श्रद्धांजलि फिल्म जारी की गई है। इसमें उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं के साथ राष्ट्रनिर्माण के प्रति उनकी सोच और दूरदर्शिता को सामने लाया गया है। यह फिल्म बजाज समूह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।

शिशिर बजाज के नेतृत्व में परिवार की तीसरी, चौथी और पांचवीं पीढ़ी ने इस फिल्म के माध्यम से अपने पूर्वज के विचारों और योगदान को याद किया। इसमें शिशिर बजाज, कुशाग्र नयन बजाज, अपूर्व बजाज और आनंदमयी बजाज ने जमनालाल बजाज के जीवन से जुड़े अनुभवों और उनकी प्रेरणादायी विरासत को साझा किया है।
महात्मा गांधी के बेहद करीबी थे जमनालाल बजाज
जमनालाल बजाज का महात्मा गांधी के साथ विशेष आत्मीय संबंध था। गांधीजी उन्हें स्नेहपूर्वक अपना ‘पांचवां पुत्र’ कहते थे। स्वदेशी, खादी, सामाजिक समानता और आर्थिक आत्मनिर्भरता उनके जीवन के प्रमुख सिद्धांत थे। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वर्धा स्थित ऐतिहासिक बजाजवाड़ी भी राष्ट्रीय नेताओं की बैठकों और विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण केंद्र रही। फिल्म में इस ऐतिहासिक जुड़ाव को भी स्थान दिया गया है।
विदेशी निर्भरता कम करने के लिए शुरू किए उद्योग
जमनालाल बजाज का मानना था कि देश की राजनीतिक आजादी तभी सार्थक होगी, जब भारत आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बनेगा। इसी सोच के साथ उन्होंने वर्ष 1931 में उत्तर प्रदेश के गोलागोकर्णनाथ में हिंदुस्तान शुगर मिल्स की स्थापना की। इसका उद्देश्य देश में चीनी का उत्पादन बढ़ाना और विदेशी आयात पर निर्भरता कम करना था। आगे चलकर यही उद्यम बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड के रूप में विकसित हुआ।
परिवार ने उद्योग जगत में अपनी मौजूदगी का विस्तार भी लगातार किया। वर्ष 1930 में हैदराबाद में स्थापित डेक्कन आयुर्वेदिक फार्मेसी के जरिए उपभोक्ता उत्पादों के क्षेत्र में कदम रखा गया, जो आगे चलकर बजाज कंज्यूमर केयर बना।
यह भी पढ़े : दिवाली पर राजस्थान में सुरक्षा का बड़ा प्लान, CM भजनलाल ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश
नई ऊर्जा के क्षेत्र में भी बढ़ा समूह
जमनालाल बजाज की राष्ट्रनिर्माण की सोच को आगे बढ़ाते हुए बजाज समूह ने वर्ष 2011 में बजाज एनर्जी के माध्यम से बिजली उत्पादन के क्षेत्र में प्रवेश किया। अब कुशाग्र नयन बजाज के नेतृत्व में समूह परमाणु ऊर्जा सहित भविष्य की ऊर्जा जरूरतों से जुड़े क्षेत्रों में भी संभावनाएं तलाश रहा है।
परिवार की ओर से जारी फिल्म केवल एक संस्थापक को याद करने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह बताने की पहल भी है कि स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विचार आज भी उद्योग और समाज के लिए कितने प्रासंगिक हैं।



