G7 का बड़ा फैसला, 100 मिलियन बैरल तेल जारी
बढ़ती ईंधन कीमतों और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव के बीच G7 देशों और उनके साझेदारों ने रणनीतिक भंडार से 100 मिलियन बैरल तेल व ईंधन जारी करने का फैसला किया है। यह आपूर्ति चार महीने में IEA के समन्वय से बाजार तक पहुंचाई जाएगी। डीजल की उपलब्धता बढ़ाने पर खास जोर रहेगा और शुरुआती 20 दिनों में इसकी बड़ी मात्रा जारी की जाएगी।
- G7 देश रणनीतिक भंडार से 100 मिलियन बैरल तेल जारी करेंगे
- डीजल की बड़ी खेप शुरुआती 20 दिनों में बाजार में उतारी जाएगी
- IEA चार महीने तक आपूर्ति प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय करेगा
G7 to Release 100 Million Barrels From Emergency Reserves: नई दिल्ली। दुनिया में ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच G7 देशों ने रणनीतिक भंडार का इस्तेमाल करने का फैसला किया है। G7 और उसके साझेदार देश अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में करीब 100 मिलियन बैरल तेल और ईंधन की अतिरिक्त आपूर्ति करेंगे। यह कदम चार महीने के दौरान लागू किया जाएगा।
फ्रांस के राष्ट्रपति और मौजूदा G7 अध्यक्ष इमैनुएल मैक्रों के कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया का समन्वय इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी यानी IEA करेगी। योजना में डीजल को प्राथमिकता दी गई है और शुरुआती 20 दिनों में इसकी पर्याप्त मात्रा बाजार में लाने की तैयारी है।
इस फैसले के पीछे बढ़ती ईंधन कीमतों के साथ-साथ ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंता भी अहम है। खासकर यूरोप में डीजल की उपलब्धता को लेकर दबाव बना हुआ है। अमेरिका की ओर से भी यूरोपीय देशों पर अपने रणनीतिक भंडार से ईंधन जारी करने का दबाव बढ़ा था।
G7 के फैसले में ऊर्जा और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर नए प्रतिबंध नहीं लगाने की प्रतिबद्धता भी शामिल है। समूह ने कहा है कि सदस्य देशों के बीच ऊर्जा व्यापार पर रोक लगाने से बाजार में तनाव और बढ़ सकता है।
यह फैसला मार्च में किए गए एक बड़े आपातकालीन तेल भंडार रिलीज के बाद आया है। उस समय IEA के सदस्य देशों ने मध्य पूर्व में आपूर्ति बाधित होने के कारण 400 मिलियन बैरल तेल बाजार में उपलब्ध कराने पर सहमति जताई थी। अब G7 ने पहले से किए गए वादों को ध्यान में रखते हुए 100 मिलियन बैरल की अगली रिलीज को चार महीने में लागू करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें:वैभव को अभी करना होगा मौके का इंतजार, गंभीर ने बताया क्यों
हालांकि, रणनीतिक भंडार से कच्चा तेल जारी होने का मतलब यह नहीं है कि उतनी ही मात्रा में डीजल तुरंत बाजार में पहुंच जाएगी। कच्चे तेल को रिफाइन कर डीजल और दूसरे पेट्रोलियम उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इसलिए रिफाइनिंग क्षमता, परिवहन और उपलब्ध कच्चे तेल की गुणवत्ता जैसे कारक इस पूरी प्रक्रिया की गति तय करेंगे।
बाजार ने भी इस घोषणा पर प्रतिक्रिया दी है। शुरुआती कारोबार में तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली, हालांकि कीमतें अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। 2 अक्टूबर की घोषणा के बाद ब्रेंट क्रूड करीब 100.8 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था।
G7 ने IEA से इस कदम के ऊर्जा सुरक्षा और बाजार स्थिरता पर असर की निगरानी करने को कहा है। साथ ही भविष्य में रणनीतिक भंडार को दोबारा भरने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डीजल जारी करने के विकल्पों पर भी चर्चा जारी रखने की बात कही गई है।



