अमेरिका-ईरान तनाव का असर, सोना-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट
मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब कमोडिटी बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को घरेलू और वैश्विक बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर की मजबूती और निवेशकों की रणनीति में बदलाव के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है।
- अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज हुई।
- एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों में कारोबार के दौरान कमजोरी बनी रही।
- मजबूत डॉलर इंडेक्स को गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
Gold and Silver Prices Fall Amid US-Iran Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर वित्तीय बाजारों के साथ-साथ कीमती धातुओं पर भी देखने को मिला। सोमवार को घरेलू कमोडिटी बाजार में सोना और चांदी दोनों दबाव में रहे। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर इंडेक्स में मजबूती आने से निवेशकों ने सोना और चांदी में मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों में गिरावट दर्ज हुई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना शुरुआती कारोबार में पिछले बंद भाव 1,43,478 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे खुला। कारोबार के दौरान इसमें करीब एक प्रतिशत तक की कमजोरी देखने को मिली और भाव 1,41,557 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक पहुंच गया।
चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाला चांदी का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव की तुलना में कमजोर खुला और कारोबार के दौरान करीब 1.9 प्रतिशत तक फिसल गया। इस दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,17,277 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें:अमेरिका का ईरान पर फिर एक्शन, 24 घंटे में दूसरी बड़ी सैन्य कार्रवाई
वैश्विक बाजारों में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। कॉमेक्स में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में कमजोरी देखी गई। जानकारों का कहना है कि अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच डॉलर इंडेक्स मजबूत होकर करीब 100.90 के स्तर पर पहुंच गया, जिससे सोना और चांदी निवेशकों के लिए अपेक्षाकृत कम आकर्षक हो गए।
विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की प्रमुख वैश्विक मुद्राओं जैसे यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले मजबूती को दर्शाता है। जब डॉलर मजबूत होता है, तब आमतौर पर सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ जाता है।
मध्य पूर्व में हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। कमर्शियल जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नई सैन्य कार्रवाई की है, जबकि ईरान ने भी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने के दावे किए हैं। इस भू-राजनीतिक तनाव का असर वैश्विक निवेशकों की धारणा और कमोडिटी बाजारों पर लगातार दिखाई दे रहा है।



