सोना-चांदी में गिरावट, निवेशकों की नजर महंगाई डेटा पर
घरेलू वायदा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में करीब 1.10 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। डॉलर की मजबूती और अमेरिका से आने वाले महंगाई के आंकड़ों से पहले निवेशकों में सतर्कता देखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुएं दबाव में हैं, जिससे घरेलू बाजार में भी कारोबार का रुख प्रभावित हुआ।
- सोने की कीमत में 1.03 प्रतिशत तक की शुरुआती गिरावट
- चांदी के भाव भी 1.08 प्रतिशत कमजोर होकर खुले
- महंगाई डेटा से पहले निवेशक सतर्क, डॉलर मजबूत
शुक्रवार को घरेलू कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। दोनों कीमती धातुओं पर डॉलर की मजबूती और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों का इंतजार भारी पड़ता दिखा।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 अक्टूबर 2026 का सोना कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 1,571 रुपये यानी 1.03 प्रतिशत गिरकर 1,50,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछली क्लोजिंग 1,52,341 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
हालांकि शुरुआती गिरावट के बाद सोने में कुछ सुधार भी दिखाई दिया। सुबह 9:48 बजे यह 867 रुपये यानी 0.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,51,474 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,50,695 रुपये का निचला और 1,51,483 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी की बात करें तो इसमें भी शुरुआती कारोबार में दबाव देखने को मिला। MCX पर 4 दिसंबर 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,34,099 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,530 रुपये यानी 1.08 प्रतिशत टूटकर 2,31,569 रुपये प्रति किलो पर खुला।
कारोबार के दौरान चांदी 2,30,270 रुपये प्रति किलो के निचले स्तर तक पहुंची, जबकि इसका ऊपरी स्तर 2,32,096 रुपये प्रति किलो रहा।
यह भी पढ़ें:ब्रेक के बाद लय बिगड़ी, सिराज ने बताई वजह
घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दोनों धातुओं में कमजोरी बनी हुई है। कॉमेक्स पर सोना 1.29 प्रतिशत गिरकर 4,350 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि चांदी 1.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
बाजार जानकारों के अनुसार, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच डॉलर को मजबूती मिलने से सोने और चांदी पर दबाव बढ़ा है। दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति बताने वाला डॉलर इंडेक्स एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 99.12 पर पहुंच गया है।
अब बाजार की नजर अमेरिका के महंगाई आंकड़ों पर टिकी है। ये आंकड़े देर शाम जारी होने हैं और इनके आधार पर ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों में बदलाव आ सकता है। इसी वजह से निवेशक फिलहाल ज्यादा सतर्क होकर कारोबार कर रहे हैं।
महंगाई के आंकड़े उम्मीद से अलग आते हैं तो इसका असर डॉलर के साथ-साथ सोने और चांदी की कीमतों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले सत्रों में अमेरिकी डेटा की प्रतिक्रिया कीमती धातुओं की दिशा के लिए अहम मानी जा रही है।



