भारत-न्यूजीलैंड फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का हुआ ऐलान, 20 अक्टूबर से लागू होगा ऐतिहासिक समझौता
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता 20 अक्टूबर से लागू होने जा रहा है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के मुताबिक, इससे भारतीय निर्यातकों को न्यूजीलैंड के बाजार में नए अवसर मिलेंगे। चमड़ा, जूते-चप्पल, परिधान और कपड़ा जैसे क्षेत्रों के कई उत्पादों को शून्य आयात शुल्क का लाभ मिलेगा। समझौते से निवेश बढ़ने और दोनों देशों के व्यापारिक संबंध मजबूत होने की उम्मीद है।
- भारत-न्यूजीलैंड FTA 20 अक्टूबर से लागू होगा।
- चमड़ा, फुटवियर और कपड़ा जैसे क्षेत्रों के कई भारतीय उत्पादों को शून्य आयात शुल्क मिलेगा।
- 15 साल में 20 अरब डॉलर निवेश की राह खुलने की उम्मीद जताई गई है।
India-New Zealand Free Trade Agreement announced : नई दिल्ली में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 20 अक्टूबर से लागू होने वाला यह समझौता भारतीय निर्यात को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकता है।
यह भी पढ़ें ; रामलीला में शक्तिबाण का दृश्य देख भावुक हुए दर्शक
27 अप्रैल को हस्ताक्षरित समझौते के तहत न्यूजीलैंड को भारत के सभी निर्यात पर शुल्क-मुक्त पहुंच मिलने की बात कही गई है। खास तौर पर श्रम-गहन उद्योगों को इससे फायदा मिलने की उम्मीद है। इनमें चमड़ा, जूते-चप्पल, कपड़े और परिधान जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
जेसीबी इंडिया के निर्यात लक्ष्य पर भी जोर
समझौते के तहत न्यूजीलैंड भेजे जाने वाले जेसीबी इंडिया के छोटे एक्सकेवेटर को रवाना करने के अवसर पर गोयल ने कंपनी के निर्यात लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कंपनी फिलहाल भारत में अपने कुल उत्पादन का करीब 25 प्रतिशत विभिन्न देशों को निर्यात करती है।
मंत्री ने कंपनी को इस हिस्सेदारी को बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके मुताबिक, न्यूजीलैंड कंपनी के लिए 140वां निर्यात गंतव्य बन गया है।
20 अरब डॉलर के निवेश की उम्मीद
गोयल ने कहा कि इस व्यापार समझौते से अगले 15 वर्षों में न्यूजीलैंड से भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का रास्ता खुल सकता है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ भारतीय कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
समझौते में कृषि उत्पादकता से जुड़ी साझेदारी को भी बढ़ावा देने का प्रावधान है। इसके तहत न्यूजीलैंड की तकनीक का इस्तेमाल भारत की व्यापक जरूरतों और बढ़ती मांग को पूरा करने में मददगार हो सकता है।
संवेदनशील कृषि और डेयरी उत्पाद समझौते से बाहर
सरकार ने कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को इस समझौते के दायरे से बाहर रखा है। इनमें डेयरी उत्पाद, प्याज, चना, मटर, मक्का, बादाम, कृत्रिम शहद और चीनी शामिल हैं। इन उत्पादों को बाहर रखने का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों के हितों की सुरक्षा करना है।
यह भी पढ़ें ; उदयपुर के ऐतिहासिक आहड़ संग्रहालय का दिया कुमारी ने किया औचक निरीक्षण, दिए खास निर्देश
कुल मिलाकर, भारत-न्यूजीलैंड FTA से निर्यात, निवेश और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसका वास्तविक असर व्यापारिक गतिविधियों और कंपनियों की बाजार में पहुंच बढ़ाने की क्षमता पर निर्भर करेगा।



