डीजल-एटीएफ निर्यात महंगा, पेट्रोल पर सरकार ने दी राहत
केंद्र सरकार ने वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच पेट्रोलियम उत्पादों पर विंडफॉल टैक्स में बदलाव किया है। डीजल और एटीएफ के निर्यात पर शुल्क बढ़ाया गया है, जबकि पेट्रोल के निर्यात पर कर घटाया गया है। घरेलू बाजार के लिए टैक्स व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया।
- विंडफॉल टैक्स में बदलाव, डीजल और एटीएफ पर शुल्क बढ़ा।
- पेट्रोल के निर्यात पर सरकार ने शुल्क में कटौती की।
- घरेलू खपत के लिए पेट्रोल-डीजल पर टैक्स पहले जैसा रहेगा।
India Revises Windfall Tax on Fuel Exports : केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में बड़ा बदलाव किया है। नए फैसले के तहत डीजल और विमानन ईंधन (एटीएफ) के निर्यात पर शुल्क बढ़ा दिया गया है, जबकि पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाले कर में राहत दी गई है। संशोधित दरें 16 जुलाई से लागू हो गई हैं।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (एसएईडी) के तहत डीजल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स 8.50 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 15.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं, एटीएफ के निर्यात पर शुल्क 7.50 रुपये से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : पिता के त्याग ने सोनम का एशियाई खेलों का सपना किया साकार
इसके विपरीत, सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर राहत देते हुए शुल्क 4 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 2.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। इससे पहले मई में पेट्रोल के निर्यात पर भी शुल्क लगाया गया था।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल निर्यात पर लागू होगा। घरेलू बाजार में बिक्री के लिए पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली मौजूदा शुल्क दरों में किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया गया है।
सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसका उद्देश्य देश में पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और जरूरत पड़ने पर निर्यात को नियंत्रित करना है।
गौरतलब है कि सरकार मार्च से डीजल और विमानन ईंधन के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स लागू किए हुए है और अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति को देखते हुए हर पखवाड़े इसकी समीक्षा कर दरों में आवश्यक संशोधन करती है।



