जयपुर में 5 हजार ब्यूटी प्रोफेशनल्स का जमावड़ा
जयपुर के JECC, सीतापुरा में 6 अक्टूबर को इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस 2026 आयोजित होगा। हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया और KT की पहल में देशभर से करीब 5,000 प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। सम्मेलन में कौशल विकास, प्रोफेशनल शिक्षा, उद्योग की चुनौतियों, सरकारी योजनाओं, आधुनिक हेयर तकनीकों और ब्यूटी सेक्टर के भविष्य पर चर्चा होगी।
- इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस: 6 अक्टूबर को जयपुर के JECC में देशभर के करीब 5,000 प्रतिनिधि जुटेंगे।
- ब्यूटी उद्योग: हेयर, मेकअप, नेल्स, स्किनकेयर, वेलनेस और कॉस्मेटिक्स सेक्टर की चुनौतियों पर चर्चा होगी।
- स्किल डेवलपमेंट: अंतरराष्ट्रीय हेयर एक्सपर्ट डेसमंड मरे लाइव हेयर कटिंग और स्टाइलिंग तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।
Jaipur to Host IHBC 2026 : देश के हेयर और ब्यूटी उद्योग से जुड़े हजारों प्रोफेशनल्स के लिए जयपुर में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस (IHBC) 2026 का आयोजन 6 अक्टूबर को जेईसीसी, सीतापुरा में होगा। हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया (HBF India) और KT की ओर से आयोजित सम्मेलन में देशभर से करीब 5,000 उद्योग प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सम्मेलन का उद्घाटन राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे करेंगे। कार्यक्रम में नेशनल कमीशन फॉर वूमन, भारत सरकार के डिप्टी डायरेक्टर राम अवतार सिंह भी शामिल होंगे। वे ब्यूटी और वेलनेस क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और महिला नेतृत्व वाले कारोबारों के लिए सरकारी योजनाओं और अवसरों पर संवाद करेंगे।
IHBC का फोकस केवल एक दिन के उद्योग आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है। आयोजकों के मुताबिक इसका उद्देश्य सैलून मालिकों, हेयर आर्टिस्ट्स, ब्यूटी प्रोफेशनल्स और उद्यमियों की समस्याओं को एक मंच पर लाना, कौशल विकास को बढ़ावा देना और उद्योग की सामूहिक आवाज को सरकार व संबंधित संस्थाओं तक पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें : IMC 2026 में स्टार्टअप्स को मिलेगा बड़ा मंच
सम्मेलन में हेयर, ब्यूटी, मेकअप, नेल्स, वेलनेस, स्किनकेयर और कॉस्मेटिक्स से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होगी। आयोजकों का कहना है कि देश के इस व्यापक उद्योग से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 1.5 करोड़ लोग जुड़े हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय हेयर एक्सपर्ट और British Hairdressing Award विजेता Desmond Murray विशेष प्रोफेशनल सेशन में आधुनिक हेयर कटिंग, स्टाइलिंग और हेयर आर्टिस्ट्री की तकनीकों का लाइव प्रदर्शन करेंगे। इससे भारतीय सैलून प्रोफेशनल्स को अंतरराष्ट्रीय तकनीकों और नए ट्रेंड्स को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
HBF India के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल, महासचिव निर्मल रंधावा और KT के डायरेक्टर ध्रुव सयानी ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास इस सम्मेलन के प्रमुख विषयों में शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : पूर्वोत्तर की संस्कृति पर जयपुर में शुरू हुआ मंथन
फेडरेशन की ओर से सैलून सेक्टर में नकली और डुप्लीकेट कॉस्मेटिक उत्पादों के खिलाफ जागरूकता, हाइजीन एवं सेफ्टी प्रैक्टिस, कर्मचारियों के साप्ताहिक अवकाश और बेसिक से एडवांस्ड ट्रेनिंग जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी जा रही है।
इसके अलावा भारतीय प्रोफेशनल्स को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने, प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाने और सैलून कम्युनिटी को सामाजिक अभियानों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। कैंसर से प्रभावित महिलाओं के लिए 12 इंच बाल दान को प्रोत्साहित करने की योजना भी इसमें शामिल है।
KT के डायरेक्टर ध्रुव सयानी ने कहा कि फेडरेशन के साथ यह साझेदारी केवल सम्मेलन तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि ब्रांड्स, सैलून मालिकों, आर्टिस्ट्स, एजुकेटर्स और प्रोफेशनल संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर उद्योग से जुड़े मुद्दों पर व्यवस्थित संवाद की जरूरत है।



