जोय आलुक्कास का बड़ा ऐलान, सामाजिक कार्यों के लिए देंगे 100 करोड़ रुपये
जोय आलुक्कास ग्रुप ने देशभर में जरूरतमंद और कमजोर वर्गों की मदद के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की है। केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने कोच्चि में डॉ. जोय आलुक्कास के 70वें जन्मदिन समारोह में इस पहल की शुरुआत की। इस राशि से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का विस्तार किया जाएगा।
- डॉ. जोय आलुक्कास ने धर्मार्थ पहलों के लिए 100 करोड़ रुपये का किया बड़ा आवंटन
- समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जोयआलुक्कास ग्रुप की नई पहल
- कोच्चि में 70वें जन्मदिन समारोह के दौरान की गई इस ऐतिहासिक मदद की घोषणा
Joyalukkas’s major announcement : आभूषण कारोबार में वैश्विक पहचान रखने वाले जोयआलुक्कास ग्रुप ने सामाजिक जिम्मेदारी के तहत एक बड़ी पहल की है। ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन डॉ. जोय आलुक्कास ने देशभर में वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की है। इस पहल का शुभारंभ केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने कोच्चि में आयोजित डॉ. जोय आलुक्कास के 70वें जन्मदिन समारोह के दौरान किया।
इस राशि का इस्तेमाल जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का दायरा बढ़ाने में किया जाएगा। खासतौर पर गरीब परिवारों के लिए घर, बालिकाओं की शिक्षा, बुजुर्गों की देखभाल, चिकित्सा सुविधाएं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण भी इस योजना का अहम हिस्सा रहेगा। ग्रुप ने सहायता का लाभ सही लोगों तक पहुंचाने के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था बनाने की बात कही है।
पहले भी कई राज्यों में चला चुका है सहायता अभियान
जोयआलुक्कास ग्रुप पहले से ही देश के अलग-अलग हिस्सों में सामाजिक कार्यों से जुड़ा हुआ है। चिकित्सा क्षेत्र में डायलिसिस करा रहे मरीजों को आर्थिक मदद, हृदय रोगियों को मुफ्त पेसमेकर और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे काम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें ; जियोपॉइंट्स से खरीद सकेंगे डिजिटल गोल्ड, जियोफाइनेंस ऐप में नई सुविधा शुरू
शिक्षा के क्षेत्र में ग्रुप का ‘जॉय ऑफ होप’ छात्रवृत्ति कार्यक्रम जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में मदद कर रहा है। वहीं, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में 550 से अधिक घरों के निर्माण में भी समूह सहयोग कर चुका है। इन प्रयासों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर जीवन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
इसके अलावा महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए भी कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘जॉय फॉर अर्थ’ अभियान शुरू किया गया है। ग्रुप ने बाढ़, कोरोना महामारी और भूस्खलन जैसी आपदाओं के दौरान भी प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाई है।
जमीनी स्तर पर बदलाव लाना है उद्देश्य
डॉ. जोय आलुक्कास ने कहा कि उनका लक्ष्य ऐसा समावेशी समाज बनाने में योगदान देना है, जहां हर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उनके मुताबिक, विकास का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब समाज के निचले और जरूरतमंद तबकों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार आएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रुप पहले भी देशभर में करोड़ों रुपये की कई सामाजिक और धर्मार्थ परियोजनाएं पूरी कर चुका है। आने वाले वर्षों में इन गतिविधियों को और बड़े स्तर पर ले जाने की योजना है।
जन्मदिन समारोह में जुटीं कई बड़ी हस्तियां
कोच्चि में आयोजित इस समारोह में फिल्म, राजनीति, कारोबार और सामाजिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। फिल्म जगत से मम्मूटी, दिलीप, कुंचाको बोबन, नादिरशाह और एंटनी पेरुम्बावूर पहुंचे। वहीं, जादूगर गोपीनाथ मुथुकाड भी समारोह का हिस्सा बने।
यह भी पढ़ें ; दीपावली पर प्रदूषण रोकने की तैयारी, राजस्थान के 6 शहरों में होगी विशेष निगरानी
कारोबारी जगत से कोचौसेफ चित्तिलापिल्ली, गोकुलम गोपालन, टी.एस. पट्टाभिरामन और नवास मीरान मौजूद रहे। राजनीतिक क्षेत्र से मंत्री मोंस जोसेफ, सांसद हिबी ईडन, विधायक उमा थॉमस, टी.जे. विनोद और राजन पी. पल्लन ने शिरकत की। कोच्चि की मेयर वी.के. मिनिमोल और त्रिशूर की मेयर डॉ. निजी जस्टिन समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



