क्वांटम का नया फ्लेक्सी कैप फंड लॉन्च, क्या है खास?
क्वांटम म्यूचुअल फंड ने क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड लॉन्च किया है। यह ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम लार्ज, मिड और स्मॉल कैप शेयरों में निवेश करेगी। फंड की रणनीति GARP यानी Growth at a Reasonable Price पर आधारित है और रिसर्च के जरिए उन कंपनियों को तलाशने पर जोर रहेगा, जहां भविष्य में मुनाफे की संभावनाएं बेहतर दिखती हैं।
- क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड का NFO 21 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक खुला रहेगा।
- GARP इन्वेस्टमेंट एप्रोच के तहत ग्रोथ, बिजनेस क्वालिटी और वैल्यूएशन पर जोर दिया जाएगा।
- प्रॉफिट पूल शिफ्ट्स को पहचानकर लार्ज, मिड और स्मॉल कैप में निवेश का संतुलन बदला जा सकेगा।
Quantum Flexi Cap Fund Launch : क्वांटम म्यूचुअल फंड ने अपने नए फंड के जरिए इक्विटी निवेशकों के लिए एक फ्लेक्सिबल विकल्प पेश किया है। क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड अलग-अलग मार्केट कैप वाली कंपनियों में निवेश करेगा, यानी फंड मैनेजर को बाजार में बेहतर अवसर दिखने पर लार्ज, मिड या स्मॉल कैप की ओर पोर्टफोलियो का रुख बदलने की आजादी होगी।
फंड की रणनीति केवल सेक्टर चुनने तक सीमित नहीं रहेगी। इसकी रिसर्च टीम यह समझने पर ध्यान देगी कि किसी इंडस्ट्री की वैल्यू चेन में समय के साथ मुनाफे का हिस्सा किस दिशा में जा रहा है। क्वांटम इसे प्रॉफिट पूल शिफ्ट्स के तौर पर देखता है।
टेक्नोलॉजी में बदलाव, ग्राहकों की बदलती जरूरतें, नए नियम, कंपनियों का विलय या किसी उद्योग का तेजी से औपचारिक होना ऐसे कारक हो सकते हैं, जो किसी इंडस्ट्री में कमाई का संतुलन बदल दें। फंड का उद्देश्य इन्हीं बदलावों से उभरने वाले निवेश अवसरों को समय रहते पहचानना है।
यह भी पढ़ें : सनी देओल के मुस्लिम किरदार पर संतोषी का जवाब
स्टॉक चयन के लिए फंड बॉटम-अप रिसर्च का इस्तेमाल करेगा। कंपनी के कारोबार की गुणवत्ता, मैनेजमेंट, कमाई की स्थिरता, बैलेंस शीट और कॉरपोरेट गवर्नेंस जैसे पहलुओं को परखा जाएगा। इसके बाद यह देखा जाएगा कि कंपनी जिस कीमत पर बाजार में उपलब्ध है, वह उसके कारोबारी संभावनाओं के हिसाब से उचित है या नहीं।
यही फंड की GARP रणनीति का अहम हिस्सा है। आसान शब्दों में कहें तो फंड ऐसी कंपनियों की तलाश करेगा, जिनमें अच्छी ग्रोथ की संभावना हो लेकिन उनके शेयर की कीमत उस ग्रोथ को जरूरत से ज्यादा पहले ही न दर्शा रही हो। अगर किसी कंपनी की वैल्यूएशन बहुत महंगी हो जाती है, तो फंड उसमें अपना एक्सपोजर घटा सकता है।
यह भी पढ़ें : सीमा सुरक्षा पर अमित शाह का बड़ा संदेश
क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड का न्यू फंड ऑफर 21 अगस्त 2026 को खुल रहा है और 4 सितंबर 2026 को बंद होगा। स्कीम में नियमित खरीद और बिक्री की सुविधा 11 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इसमें न्यूनतम निवेश 500 रुपये रखा गया है और इसके बाद 1 रुपये के गुणक में निवेश किया जा सकता है। फंड का बेंचमार्क BSE 500 TRI होगा।
फंड का प्रबंधन क्वांटम म्यूचुअल फंड के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर चिराग मेहता और इक्विटी फंड मैनेजर केतन गुजराथी करेंगे।
क्वांटम के मुताबिक, भारत में बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताएं, टेक्नोलॉजी, आर्थिक औपचारिकता और नीतिगत बदलाव कई उद्योगों में कमाई के नए अवसर बना रहे हैं। ऐसे माहौल में फंड का जोर मजबूत कारोबार और उचित वैल्यूएशन वाली कंपनियों का डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो बनाने पर रहेगा।
क्वांटम एएमसी के सीईओ सीमंत शुक्ला ने कहा कि कंपनी नए फंड लॉन्च करने की संख्या के बजाय अपनी निवेश क्षमता और तैयारी को प्राथमिकता देती है। उनके अनुसार, करीब दो साल बाद लाया गया यह NFO निवेशकों के पोर्टफोलियो में उपयोगी वैल्यू जोड़ने और कंपनी की वितरण पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक कदम है।
म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं। निवेश से पहले स्कीम से जुड़े सभी दस्तावेज ध्यान से पढ़ें।



