राजस्थान के कारोबारियों को स्नैपडील का बड़ा तोहफा, ‘प्रोजेक्ट गति’ से मिलेगी नई रफ्तार

त्योहारी सीजन से पहले स्नैपडील ने नए विक्रेताओं के लिए 45 दिवसीय ‘प्रोजेक्ट गति’ शुरू किया है। एआई आधारित कैटलॉग, तेज भुगतान, विज्ञापन क्रेडिट और प्राथमिक सहायता जैसी सुविधाओं के जरिए कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी। कंपनी के अनुसार पिछले एक वर्ष में राजस्थान से जुड़े विक्रेताओं की संख्या लगभग दोगुनी हो चुकी है।

  • प्रोजेक्ट गति के जरिए नए विक्रेताओं को 45 दिनों तक विशेष सहायता मिलेगी।
  • स्नैपडील का दावा, राजस्थान में एक साल में सेलर बेस लगभग दोगुना हुआ।
  • प्रोजेक्ट गति से एआई टूल्स, फास्ट पेमेंट और जीरो कमीशन मॉडल का लाभ मिलेगा।

Snapdeal’s big gift to Rajasthan’s traders : आगामी रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और दिवाली जैसे बड़े त्योहारी सीजन को देखते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्नैपडील ने नए विक्रेताओं के लिए 45 दिनों का विशेष एक्सेलरेशन प्रोग्राम ‘प्रोजेक्ट गति’ शुरू किया है। इसका उद्देश्य नए सेलर्स को डिजिटल टूल्स, तकनीकी सहयोग और तेज भुगतान व्यवस्था के माध्यम से ऑनलाइन कारोबार में तेजी से स्थापित करना है।

यह भी पढ़ें ; 100 से ज्यादा महिलाओं ने कराई कैंसर जांच, जागरूकता शिविर में मिला बड़ा लाभ

कंपनी के अनुसार पिछले एक वर्ष में राजस्थान से जुड़ने वाले विक्रेताओं की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। यह राज्य के स्थानीय उद्यमियों और निर्माताओं की ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बढ़ती भागीदारी का संकेत माना जा रहा है। जयपुर, भीलवाड़ा, पाली और टोंक जैसे शहरों के उत्पाद देशभर के ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं।

‘प्रोजेक्ट गति’ के तहत नए विक्रेताओं को एआई आधारित कैटलॉग तैयार करने में सहायता, तेज भुगतान चक्र, मुफ्त विज्ञापन क्रेडिट, बाजार के रुझानों की जानकारी और शुरुआती 45 दिनों तक प्राथमिक तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी का मानना है कि इससे नए कारोबारियों को त्योहारी मांग के अनुरूप अपने उत्पादों की बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।

स्नैपडील का जीरो कमीशन मॉडल भी इस पहल का अहम हिस्सा है। इसके तहत विक्रेता अपनी बिक्री से होने वाली आय का अधिक हिस्सा अपने पास रख सकते हैं और उसी राशि को कारोबार के विस्तार, इन्वेंट्री बढ़ाने और नए उत्पाद जोड़ने में निवेश कर सकते हैं।

राजस्थान अपने विविध उत्पादों के लिए पहले से ही देशभर में पहचान रखता है। जयपुर एथनिक वियर, ब्लॉक प्रिंट, ज्वेलरी, ब्लू पॉटरी और होम डेकोर के लिए प्रसिद्ध है, जबकि भीलवाड़ा सूटिंग-शर्टिंग और फैब्रिक, पाली होम टेक्सटाइल तथा टोंक लेदर उत्पादों और मोजड़ी के लिए जाना जाता है। कंपनी का मानना है कि इन क्षेत्रों के कारोबारियों को डिजिटल बाजार में और बेहतर अवसर मिलेंगे।

यह भी पढ़ें ; ‘खबरों के इर्द-गिर्द’ का लोकार्पण, तीन दशक के जनसम्पर्क अनुभव अब किताब में

स्नैपडील के सीईओ अचिंत सेतिया ने कहा कि राजस्थान में उद्यमिता और विनिर्माण का मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि राज्य से विक्रेताओं की संख्या में करीब 100 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्रीय कारोबार तेजी से ई-कॉमर्स की ओर बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि ‘प्रोजेक्ट गति’ नए विक्रेताओं को शुरुआती दौर में सही मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय को मजबूत बनाने में मदद करेगा।

Related Articles

Back to top button