राजस्थान में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, SPR से सनश्योर का 21 MWp करार
सनश्योर एनर्जी ने राजस्थान में SPR ऑटो टेक्नोलॉजीज और SPR ताकाहाता प्रिसिजन इंडिया के साथ 21 MWp सौर ऊर्जा आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक समझौता किया है। इस करार के तहत दोनों कंपनियों के विनिर्माण संयंत्रों को मुंडसर स्थित सोलर प्रोजेक्ट से बिजली मिलेगी। इस पहल से स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल और औद्योगिक क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन घटाने के प्रयासों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
- ग्रीन एनर्जी: राजस्थान में 21 MWp सौर ऊर्जा आपूर्ति के लिए समझौता।
- SPR ऑटो टेक्नोलॉजीज: विनिर्माण इकाइयों को मिलेगी नवीकरणीय बिजली।
- सनश्योर एनर्जी: 2028 तक राजस्थान में लगभग 2 GW ऊर्जा क्षमता चालू करने की योजना।
SunSource Energy Signs 21 MWp Solar Power Deal with SPR : सनश्योर एनर्जी ने SPR ऑटो टेक्नोलॉजीज और उसकी सहायक कंपनी SPR ताकाहाता प्रिसिजन इंडिया के साथ राजस्थान में 21 MWp सौर ऊर्जा आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) किया है।
समझौते के तहत दोनों कंपनियों के विनिर्माण संयंत्रों को मुंडसर स्थित 81 MWp सोलर प्रोजेक्ट से ग्रुप कैप्टिव मॉडल के जरिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) भी इस व्यवस्था का हिस्सा होगा।
यह भी पढे : पुलिस स्मृति दिवस: अमित शाह ने शहीदों को किया नमन, नशामुक्त भारत पर दिया जोर
SPR ऑटो टेक्नोलॉजीज के कार्यकारी निदेशक सुमंत्र मुखर्जी के अनुसार, कंपनी का लक्ष्य 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा की खपत 50 प्रतिशत तक बढ़ाना और 2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन हासिल करना है।
वहीं, सनश्योर एनर्जी के सीईओ शशांक शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देगी। कंपनी राजस्थान के शियो में 200 MW का विंड-सोलर हाइब्रिड प्रोजेक्ट भी विकसित कर रही है। उसकी योजना 2028 तक राज्य में करीब 2 GW सौर, पवन और बैटरी स्टोरेज क्षमता चालू करने की है।



