घर के बाहर खेल रहे सात साल के बच्चे को कार ने कुचला, आरोपी फरार

बच्चे की मौत का पता चलते ही आरोपी वापस घटनास्थल पर पहुंचा और कार लेकर फरार हो गया

जयपुर। बुधवार को शहर की निवारू रोड पर एक फॉरच्यूनर कार ने घर के बाहर खेल रहे सात साल के बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित कार एक खंबे से जा टकराई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

दरअसल, 7 साल का बच्चा शिवरान सिंह घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रहा था। इस दौरान हादसा हुआ। दो घर छोड़कर रहने वाले सुरेश यादव ने फॉरच्यूनर कार चला रहे थे, उसी दौरान कार एकाएक अनियंत्रित हुई और बच्चे को कुचल दिया। इसके बाद कार बिजली के पोल से टकरा गई।

हादसे के बाद कार चालक सुरेश यादव अपनी दूसरी गाड़ी से बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुरेश यादव वापस आया और फॉरच्यूनर कार लेकर फरार हो गया।

लोगों ने आरोपी की दूसरी कार में तोडफ़ोड़ की

वहीं, घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपी की दूसरी कार में तोडफ़ोड़ कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घटना स्थल का जायजा लिया गया। जानकारी अनुसार, शिवरान सिंह अभी प्रैप में पढ़ाई कर रहा था।

यह भी पढ़ें-आज राजधानी सहित 20 जिलों में मानसून दे सकता है दस्तक