केन्द्र ने एन-95 मास्क पर रोक लगाने का कहा, जानिए क्यों?

सरकार की एडवाइजरी के मुताबिक, ट्रिपल लेयर मास्क का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर

नई दिल्ली। अगर आप भी कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए एन-95 मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखकर इसके इस्तेमाल पर रोक लगाने को कहा है। सरकार के मुताबिक, वॉल्व लगे एन-95 मास्क वायरस को रोकने में मदद नहीं करता। यह संक्रमण को रोकने में पूरी तरह से नाकाम है।

एन-95 मास्क की जगह ट्रिपल लेयर मास्क बेहतर

सरकार की एडवाइजरी के मुताबिक, ट्रिपल लेयर मास्क का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी वॉल्व वाले मास्क से ट्रिपल लेयर मास्क को बेहतर बताया है।

इस संबंध में संगठन ने निर्देश भी जारी किया है। यही वजह है कि अब डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी एन-95 के साथ ट्रिपल लेयर माक्र्स भी इस्तेमाल कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें-राजस्थान पुलिस ने बागी विधायकों का पता लगाने के लिए हरियाणा पुलिस को लिख चिट्ठी

सरकार ने अप्रैल में होममेड मास्क का इस्तेमाल करने को लेकर सलाह दी थी। लोगों को घर से बाहर निकलने पर मास्क को पहनने के लिए कहा गया था। निर्देशानुसार मास्क को रोज धोया और साफ किया जाना चाहिए। यह भी कहा गया है कि मास्क को बनाने के लिए किसी भी सूती कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है।

होममेड मास्क में कपड़े का रंग मायने नहीं रखता, लेकिन यह सुनिश्चित करना होगा कि कपड़े को उबलते पानी में पांच मिनट रखा जाए और इसके बाद अच्छी तरह सुखाया जाए। मास्क को उबलते पानी में धोने के लिए उसमें नमक डालना भी बेहतर रहेगा। गाइडलाइन में यह भी कहा गया था कि मास्क किसी के साथ शेयर न करें। परिवार के हर सदस्य का अलग मास्क हो।