
उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सीमा के निकट नीति घाटी के सुमना में सोमवार को एक और शव बरामद होने से हिमस्खलन में मरने वालों की संख्या 13 हो गई। चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि सुमना में हादसे वाली जगह से सुबह एक और शव बरामद किया गया।
शुक्रवार को हुए हिमस्खलन वाले स्थान से शनिवार को 10 और रविवार को दो शव बरामद किए गए थे। इसके साथ ही हादसे में अब तक 13 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जोशीमठ लाया जा रहा है।
मृतकों में से 11 की पहचान हो गयी है जो झारखंड के निवासी थे। इसके अलावा, घटना में घायल हुए लोगों का उपचार किया जा रहा है। इनमें से पांच घायल जोशीमठ सेना अस्पताल में भर्ती हैं जबकि दो अन्य को देहरादून भेजा गया है।
मलारी गांव से करीब 25 किलोमीटर दूर सुमना, धौलीगंगा नदी से निकलने वाली दो धाराओं, गिरथीगाड और किओगाठ के संगम पर स्थित है और हिमस्खलन के समय मौके पर सीमा सड़क संगठन का निर्माण कार्य चल रहा था जहां मजदूर काम कर रहे थे। चमोली की जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने कहा कि 384 लोगसुरक्षित निकाले जा चुके हैं।