चेन्नई टेस्ट : भारत की शर्मनाक हार, इंग्लैंड 227 से जीता, भारतीय जमीन पर सबसे बड़ी जीत

इंग्लैंड ने चेन्नई टेस्ट में टीम इंडिया को 227 रन से हरा दिया है। उसकी भारतीय जमीन पर रन के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत को उसी के घर में 212 रन से 2006 मुंबई में हराया था।

साथ ही टीम इंडिया की चेन्नई के चेपक स्टेडियम में 22 साल बाद टेस्ट में पहली हार है। भारत को यहां पिछली बार जनवरी 1999 में पाकिस्तान के हाथों 12 रन से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद टीम इंडिया यहां आठ टेस्ट मैच खेल चुकी है। इनमें पांच में भारत को जीत मिली और तीन ड्रॉ रहे हैं।

दूसरी पारी में 192 रनों पर ही सिमटी भारतीय टीम

इंग्लैंड ने पहली पारी में 578 और दूसरी पारी में 178 रन बनाए थे। जबकि, टीम इंडिया ने पहली पारी में 337 रन बनाए थे। इस लिहाज से उसे जीत के लिए 420 रन का टारगेट मिला था, जिसे टीम इंडिया हासिल नहीं कर सकी और दूसरी पारी में 192 रन पर सिमट गई।

इंग्लैंड टीम की भारत में ये सबसे बड़ी जीत

इंग्लैंड की रन के लिहाज से चेन्नई में भी अपनी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 1934 में टीम इंडिया को 202 रन से हराया था। इंग्लिश टीम चेन्नई में खेले गए 1977 के टेस्ट में भारत को 200 रन से भी हरा चुका है। ओवरऑल भारत अपने घर में रन के लिहाज से 342 रन से हार चुका है। उसे 2004 के नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने हराया था।

यह भी पढ़ें-चेन्नई टेस्ट : भारत को जीत के लिए 381 रनों की ज़रूरत, रोहित शर्मा 25 रन बनाकर आउट