मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति- 502 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर खुलेंगे उप स्वास्थ्य केंद्र

cm-ashok-gehlot

जयपुर। राज्य सरकार ‘निरोगी राजस्थान’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर कदम उठा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के 502 ग्राम पंचायत मुख्यालयों में नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाने की स्वीकृति दी है। इन उप स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए कुल 502 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (प्रत्येक केन्द्र पर एक) के पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।

प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्यो हेतु 30 लाख रुपए तक का प्रावधान किया गया है। नवीन उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्मित होने तक वैकल्पिक रूप से अस्थायी भवनों में इनके संचालन की व्यवस्था की जाएगी। राज्य सरकार द्वारा नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्रों के खोले जाने से प्रति 1 लाख जनसंख्या पर 18 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ राजस्थान आज देश में प्रथम स्थान पर है।

गहलोत के इस निर्णय से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उल्लेखनीय है कि श्री गहलोत ने बजट 2022-23 में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की थी।