देश के कई राज्यों में जमकर बरस रहे मेघ, जानें-कहां-कहां हो रही मूसलाधार

मानसून

आईएमडी ने यूपी, बिहार, उत्तराखंड के कई जिलों के लिए जारी क भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली। एक तरफ देश के कई हिस्सों में कम बारिश होने से लोग परेशान हैं, वहीं कई राज्यों में बारिश ने लोगों को परेशान कर रखा है। मानसून की झमाझम अभी जारी रहेगी। मानसून के दौरान भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। कई राज्यों में बाढ़–सी आ गई है। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली, उप्र, बिहार, उत्तराखंड, मप्र, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। दिल्ली, उप्र और बिहार में कई जगह भारी बारिश की आशंका है, जबकि उत्तराखंड और महाराष्ट्र में 3 दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अब तक हुई मूसलाधार के कारण महाराष्ट्र और गुजरात में भारी नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा ओडिशा, असम, तेलंगाना जैसे राज्यों में भी बारिश कहर बरपा रही है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी आपदाएं बढ़ गई हैं। हाल ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में चट्‌टानें खिसकने की जानकारी सामने आई हैं। इसके चलते आवाजाही भी प्रभावित हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

दिल्ली-एनसीआर में तीन दिन तक लगेगी बारिश की झड़ी

दिल्ली में बृहस्पतिवार को हल्की से मध्यम स्तर की बरसात होने की संभावना है। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। दिनभर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान, तीन दिन तक मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा।

उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 24 जुलाई तक कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश की संभावना है। हमीरपुर में गुरुवार को आंधी के साथ अत्यधिक बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 38 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, मेरठ समेत अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना है। आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर,वाराणसी, चंदौली, संत रवि दास नगर, जौनपुर, बलिया, गाजीपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हाथरस, बहराइच, हरदोई, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, अमरोहा, औरैया, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर, जालौन, झांसी, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

बिहार के 10 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने बिहार के 10 जिलों में गुरुवार को भारी से भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम में लोगों को घर मे ही रहने की सलाह दी गई है। बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सीवान, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। अन्य 8 जिलों में भी वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में भी तीन दिन जमकर बरसेंगे मेघ

मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में 23 जुलाई तक भारी बारिश की आशंका जताई है। विभाग ने आरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि नैनीताल, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं पर भारी वर्षा हो सकती है। चम्पावत, अल्मोड़ा व ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं कहीं पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।

पंजाब-हिमाचल भी जमकर भीगेंगे

पंजाब-हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को भारी बारिश की संभावना है। पंजाब में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने से गुरुवार को भी सभी जिलों में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार राज्य के सभी जिलों में दिनभर बादल बरसेंगे। तेज बारिश और हवाओं के साथ किसी भी तरह के नुकसान पर नजर रहेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को अधिकतर स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया किया है। इन दिनों हो रही बारिश खेती-बागवानी के लिए बेहतर मानी जा रही है।  मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह बीच-बीच में वर्षा का दौर जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें…आज मिलेगा देश को नया राष्ट्रपति, देखें कौन होंगे