आज से फिर बढ़ सकती है ठंड, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना

नई दिल्ली। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं तेज हो गई हैं। जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में है। इसके अलावा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र गुजरात में विकसित होगा। इन हालातों में शुक्रवार से हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी और मैदानी राज्यों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।

पूरे उत्तर भारत में 500 से 1000 मीटर की ऊंचाई पर बादल की परत छा गई है। इससे सूरज की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इसका असर भी तापमान पर हो रहा है। मैदानी इलाकों में सामान्य से 6.5 डिग्री तापमान कम होने पर भीषण सर्दी मानी जाती है। उत्तर से मध्य भारत तक शीतलहर जारी है।

मौसम एजेंसियों के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार की सुबह सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री था। मैदानी इलाकों में हरियाणा का नारनौल शहर सबसे ठंडा 3.5 डिग्री रहा। दिल्ली-एनसीआर में दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई।