कांग्रेस स्थापना दिवस आज, देशभर में सरकार के विरुद्ध कांग्रेस निकाल रही मार्च

नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर रोजाना देश के अलग-अलग राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आज कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस है। इस अवसर पर पार्टी देशभर में आज केंद्र सरकार के विरोध में मार्च निकाल रही है। इस कड़ी में जयपुर से लेकर मुंबई तक सड़कों पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर नजर आए। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के दिल्ली कार्यालय में झंडा फहराया। संविधान बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी गुवाहाटी और प्रियंका गांधी लखनऊ में हैं।

 

गरीबों के लिए एनआरसी-सीएए नोटबंदी से बड़ा झटका साबित होगा: राहुल
कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी मुख्यालय में झंड़ा फहराया। इस मौके पर राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला। राहुल ने एनआरसी और सीएए को लेकर कहा कि सरकार का ये कदम गरीब लोगों के लिए नोटबंदी से भी बड़ा झटका साबित होगा। राहुल ने कहा कि सरकार के 15 दोस्तों को कोई कागजात नहीं देना होगा, लेकिन बाकी गरीब लोग इससे बहुत परेशान होंगे और ये कदम नोटबंदी से भी बड़ी झटका साबित होगा।

 

कांग्रेस सदियों तक भारत को मजबूत करना जारी रखेगी: अहमद पटेल
कांग्रेस के स्थापना दिवस पर अहमद पटेल ने कहा है कि इस आंदोलन ने साम्राज्यवाद को उखाड़ फेंका और लोकतंत्र में हमारे परिवर्तन को सुनिश्चित किया। हालांकि कुछ तत्व इसे पसंद नहीं करते हैं, लेकिन कांग्रेस आने वाली सदियों तक भारत को मजबूत करना जारी रखेगी।