फोन टेपिंग मामला : महेश जोशी को नोटिस भेजकर बयान देने के लिए दिल्ली बुलाने पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

फोन टेपिंग के मामले में राजस्थान के मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा नोटिस भेजकर बयान देने के लिए बुलाने पर कांग्रेस का विरोध जारी है। शुक्रवार को बड़ी चौपड़ पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

साथ ही, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनको राजस्थान का भगौड़ा बताने के पोस्टर भी लहराए। हवामहल विधानसभा क्षेत्र से युवा कांग्रेस नेता मित्रोदय गांधी की अगुवाई में सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता बड़ी चौपड़ पर पहुंचे।

इसमें जयपुर शहर में नगर निगम हैरिटेज के कांग्रेसी पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद प्रत्याशियों सहित वार्ड अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। बड़ी चौपड़ पर प्रदर्शन के साथ ही हवामहल के सामने चेन बनाकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस इस पूरे मामले को केंद्र सरकार के अधीन दिल्ली पुलिस पर प्रभाव बनाकर राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित बता रही है।

यह भी पढ़ें-फोन टेपिंग मामला : महेश जोशी आज दिल्ली क्राइम ब्रांच के सामने पेश नहीं होंगे